यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा – ‘मोदी है तो मुमकिन है’

लखनऊ :  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उत्तर प्रदेश के उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत पर खुशी जाहिर की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि इन चुनाव परिणामों ने ‘मोदी हैं तो मुमकिन है‘ की कहावत को चरितार्थ किया है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर जनता की मुहर है।
मंगलवार को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद पार्टी के राज्य मुख्यालय पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री (संगठन) -सुनील बंसल ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। पार्टी कार्यालय में मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रदेश की जनता के प्रति आभार ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि यह जीत बेहतरीन ‘टीम वर्क‘ का नतीजा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल के साथ बूथ के उन लाखों कार्यकर्ताओं ने ‘संगठन ही सेवा‘ के भाव को आत्मसात करते हुए काम किया। परिणाम स्वरूप, भाजपा ने उत्तर प्रदेश के उपचुनाव में शानदार जीत हासिल की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने 2017 के विधानसभा चुनाव के परिणामों को एक बार फिर से दोहराया है। आज के उपचुनाव ने भविष्य के चुनाव परिणामों का संकेत दिया है। मुख्यमंत्री योगी जी ने कहा कि यूपी उपचुनाव में जीतने वाले प्रत्याशियों के जीत का अंतर 17000 से 32000 तक है। यह बताता है कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति अपना विश्वास बरकरार रखा है। यह दिनों-दिन और मजबूत होता जा रहा है।

मुख्यमंत्री जी ने जीत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि सरकार की जनहितैषी नीतियों को जनता के बीच ले जाने वाले कार्यकर्ताओं ने कोरोना कालखंड के बीच अपनी जान की परवाह न करते हुए जिस तरह काम किया, वह अभिनन्दनीय है।

इसके पूर्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने उपचुनाव में पार्टी की शानदार जीत पर मतदाताओ का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जनता जर्नादन ने एक बार फिर मोदी-योगी सरकार के कार्यों पर मुहर लगाई है। जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि जन-जन का विश्वास भाजपा के साथ है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा, बसपा व कांग्रेस सहित समूचे विपक्ष ने महज चुनावी लाभ के लिए प्रदेश को अस्थिर करने का प्रयास किया है। वोट बैंक के लिए राजनीतिक साजिशें की, प्रदेश को जातीय दंगों में झोंकने का कुचक्र रचा, लेकिन जनता ने अपने आशीर्वाद से न केवल विपक्ष की विभाजक राजनीति को ध्वंस किया बल्कि साफ कर दिया कि जातिवाद, भ्रष्टाचार और नकारात्मक राजनीति के दिन लद चुके हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार आम जनमानस के हितों व उनके विकास के लिए हर समय समर्पित है। विपक्ष सत्ता में रहा तो लूटने में जुटा रहा और विपक्ष में आने के बाद प्रदेश का माहौल खराब करने में लगा है। भाजपा सरकार जनता की समस्याओं के समाधान में केंद्रित होकर जुटी रही है। कोविड के आपदाकाल में उप्र ने इलाज की व्यवस्था से लेकर सामाजिक सुरक्षा तक के मोर्चे पर ऐतिहासिक कार्य किया। हर नागरिक का ध्यान रखा। यही कारण है कि जनता ने हमें अपना भरपूर आशीर्वाद दिया। प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के देवतुल्य कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम करते हुए चुनाव प्रबंधन के सभी पहलुओं को जमीन पर उतारा। जनता तक सरकार के कार्यों, भाजपा की रीतियों-नीतियों को कार्यकर्ताओं ने सफलता पूर्वक तक पहुंचाया। इसके लिए वह बधाई के पात्र हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार जनता के विश्वास व आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए नियमित कार्य करती रहेगी। संचालन प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने किया।

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, सलिल विश्नोई, संतोष सिंह, प्रकाश पाल, प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, अनूप गुप्ता, अमरपाल मौर्य, प्रियंका रावत, प्रदेश मंत्री त्रयम्बक त्रिपाठी, कैबिनेट मंत्री डा. महेन्द्र सिंह, ब्रजेश पाठक, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. सतीश द्विवेदी, राज्यमंत्री मोहसिन रजा, बलदेव ओलख, प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Facebook Comments