योगी सरकार सभी कोविड मरीजों को बेहतर उपचार देने के लिए प्रतिबद्ध

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना एवं गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने आज यहां लोक भवन में प्रेस प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए बताया प्रदेश सरकार सभी कोविड मरीजों को बेहतर उपचार देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके दृष्टिगत मुख्यमंत्री ने कोविड अस्पतालों की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखे जाने के निर्देश दिये हैं। राज्य सरकार द्वारा समस्त जनपदों को कोविड-19 के उपचार के सम्बन्ध में 3 से 5 करोड़ रुपए अतिरिक्त रूप से उपलब्ध कराए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जी ने जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपद में इस धनराशि से कोविड-19 के उपचार की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिए है कि सभी मेडिकल काॅलेज अपने बजट से कोविड-19 के उपचार सम्बन्धी औषधियां एवं अन्य आवश्यक सामग्री क्रय करें। मेडिकल काॅलेज को उपलब्ध कराई गई धनराशि का पूरा उपयोग मरीजों के बेहतर इलाज पर किया जाए। इस कार्य में यदि उदासीनता बरती गई तो सम्बन्धित प्रिंसिपल की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दशा में दवा के अभाव में मरीज का इलाज प्रभावित नहीं होना चाहिए।

श्री अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 40 लाख 75 हजार से अधिक टेस्ट्स के साथ उत्तर प्रदेश के देश का पहला राज्य बनने पर संतोष व्यक्त करते हुए टेस्टिंग गतिविधियों को पूरी क्षमता से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में 80 हजार रैपिड एन्टीजन टेस्ट तथा आर0टी0पी0सी0आर0 विधि से 45 हजार टेस्ट प्रतिदिन करने के लिए सभी प्रयास किए जाएं। उन्होंने काॅन्टेक्ट ट्रेसिंग के कार्य को और तेज किए जाने पर बल दिया। उन्होंने कहा है कि इसके माध्यम से कोविड-19 के प्रसार को नियंत्रित करने में मदद मिल रही है। इसलिए ज्यादा से ज्यादा काॅन्टेक्ट टेªसिंग की जाए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जी ने कहा है कि कोविड चिकित्सालयों में पर्याप्त संख्या में बेड्स की व्यवस्था की जाए। बेड्स की संख्या में वृद्धि इस प्रकार की जाए, जिससे सरप्लस बेड्स भी उपलब्ध हो सकें। उन्होंने प्रत्येक जनपद में ‘108’ तथा ए0एल0एस0 एम्बुलेंस सेवाओं की 50 प्रतिशत एम्बुलेंस का उपयोग कोविड प्रकरणों में तथा शेष 50 प्रतिशत का उपयोग नाॅन कोविड प्रकरणों में किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिये है कि कोविड अस्पतालों में नये बेड्स में वृद्धि की जाए, साथ ही प्रतिदिन टेस्टिंग में वृद्धि सुनिश्चित करने हेतु नयी लैब्स को भी शीघ्र ही क्रियाशील किया जाए।

श्री अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश सरकार किसानों को खाद एवं अन्य कृषि सामग्री सुगमतापूर्वक उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार द्वारा इस सम्बन्ध में अनेक कदम उठाए गए हैं। खाद की कालाबाजारी कर किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के विरुद्ध राज्य सरकार सख्ती से पेश आएगी। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ एन0एस0ए0 के तहत भी कार्यवाही पर विचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री जी के विशेष आर्थिक पैकेज के माध्यम से स्ट्रीट वेंडर्स को लाभान्वित करने के लिए प्रभावी कार्यवाही की जाए। इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को लाभान्वित किया जाए।

श्री अवस्थी ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा की गयी कार्यवाही में अब तक धारा 188 के तहत 1,91,398 लोगों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज की गई। प्रदेश में अब तक 1,28,33,583 वाहनांे की सघन चेकिंग में 68,082 वाहन सीज किये गये। चेकिंग अभियान के दौरान 65,29,05,849 रूपए का शमन शुल्क वसूल किया गया। आवश्यक सेवाओं हेतु कुल 3,51,264 वाहनों के परमिट जारी किये गये हैं। उन्होंने बताया कि कालाबाजारी एवं जमाखोरी करने वाले 1,075 लोगों के खिलाफ 795 एफआईआर दर्ज करते हुए 390 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। फेक न्यूज के अन्तर्गत अब तक 2287 मामलों में संज्ञान में लेते हुए कार्यवाही की गयी है। प्रदेश के 13,661 हाॅट स्पाॅट के 1169 थानान्तर्गत 13,54,572 मकानों के 80,33,537 लोगों को चिन्हित किया गया है। इन हाॅटस्पाॅट क्षेत्रों में कोरोना पाॅजिटिव लोगों की संख्या 37,539 है। उन्होंने बताया कि कल उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की 6862 बसों के माध्यम से 10.81 लाख लोगों ने यात्रा की।

Facebook Comments