दिल्ली की सातों सीटों पर विजय सुनिश्चित का संकल्प लेकर क्षेत्र में काम करना होगा-मनोज तिवारी

नई दिल्ली, 03 मार्च। भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश द्वारा लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारियों को लेकर अबकी बार फिर से मोदी सरकार के विजय उद्घोष के साथ आज प्रदेश कार्यालय पर बूथ प्रबंधन विभाग की विशेष बैठक का आयोजन किया गया। प्रदेश टीम, लोकसभा संयोजक, जिला संयोजक एवं  मंडल संयोजक की बैठक दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री मनोज तिवारी, लोकसभा चुनाव सह प्रभारी श्री जयभान सिंह पवैया, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री श्री राजेश भाटिया, बूथ प्रबंधन विभाग प्रमुख श्री धर्मवीर सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस संपूर्ण कार्यक्रम का मंच संचालन श्री हर्ष मल्होत्रा ने किया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री मनोज तिवारी ने कहा कि सकारात्मक विचारों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने 5 साल में वो काम किए हैं जो पिछली सरकार 55 साल में नहीं कर पाई। आज हम सभी कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को पुनः 2019 में प्रधानमंत्री बनाने के लिए घर घर जाकर जन कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार करना है और पुराने कार्यकर्ताओं से संपर्क कर उनके अनुभव के साथ मिलकर क्षेत्र के लोगों को भाजपा के साथ जोड़ने का काम करना है। चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ पर काम करना जरूरी है। दिल्ली की सातों सीटों पर विजय पताका लहराने के लिए बूथ व्यवस्थित जीत सुनिश्चित का संकल्प लेकर क्षेत्र में काम करना होगा।

लोकसभा सह प्रभारी श्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि देश को पहली बार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जैसा नेतृत्व मिला है जो अपने साहस और निर्णय से  देश हित में ऐतिहासिक फैसले लेता है। पाकिस्तान पर उचित कार्यवाही कर उसको उसी की भाषा में जवाब देकर और अभिनंदन की रिहाई करा कर प्रधानमंत्री ने यह साबित कर दिया है कि यह पहले का भारत नहीं 2019 का नया भारत है। 2019 के लोकसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए जमीन पर मजबूती से काम करने की जरूरत है। हम सभी कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में जाकर लोगों से संपर्क करना है और उन्हें देश के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की महत्व को  समझाते हुए भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील करना है।

दिल्ली प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सिद्धार्थन ने कहा कि दिल्ली के सभी कार्यकर्ताओं को अपने अपने क्षेत्र में गट व्यवस्था पर  विशेष ध्यान देना है। हर कार्यकर्ता अपने क्षेत्र के 10 घरों में संपर्क करें और परिवार के सभी लोगों को भाजपा के साथ जोड़ कर संगठन को मजबूत करने का काम करें। बूथ जीतने का मतलब है चुनाव जीतना बूथ पर हमारी तैयारी मजबूत होगी तो जीत निश्चित ही हमारी होगी।

प्रदेश महामंत्री श्री राजेश भाटिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की विजय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आगामी चुनाव कार्यकर्ताओं की मेहनत का चुनाव है। बूथ व्यवस्थित कर जीत सुनिश्चित करना प्रत्येक कार्यकर्ता का लक्ष्य होना चाहिये। बूथ पर हमारी कड़ी मेहनत 2019 के लोकसभा चुनाव में हमें दिल्ली की सातों सीटों पर विजय जरूर दिलायेगी।

बूथ प्रबंधन के संयोजक श्री धर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने विधानसभा क्षेत्र में  हर बूथ पर 51 प्रतिशत मतदान भाजपा के पक्ष में कराने का लक्ष्य लेकर अपने क्षेत्र में काम करना होगा। मेरा बूथ सबसे मजबूत इस नारे के उद्देश्य की पूर्ति के लिए दिल्ली की सातों लोकसभा सीटें जीतकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सशक्त बनाने के लक्ष्य के साथ क्षेत्र में काम करना होगा।

Facebook Comments