सांसद मनोज तिवारी ने दो एम्बुलेंस पूर्वी दिल्ली नगर निगम के स्वामी दयानंद अस्पताल को सौंपी

नई दिल्ली, 2 फरवरी। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद श्री मनोज तिवारी ने आज दो एम्बुलेंस पूर्वी दिल्ली नगर निगम के स्वामी दयानंद अस्पताल को सौंपी। दोनों एंबुलेंस की कीमत लगभग 20 लाख हैं जिसके लिए राशि सांसद श्री मनोज तिवारी ने अपनी सांसद निधि से जारी की थी। इस अवसर पर एक कार्यक्रम स्वामी दयानंद अस्पताल के सभागार में आयोजित किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सांसद श्री मनोज तिवारी थे। एम्बुलेंस नारियल फोड़कर और स्वयं कुछ दूर चलाकर अस्पताल प्रशासन को सौंपी। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय निगम पार्षद श्री वीर सिंह पवार ने की। कार्यक्रम में अस्पताल प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में इस स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए श्री मनोज तिवारी ने कहा कि जब तक आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध नहीं होगी, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर नहीं बनाया जा सकता। पूर्वी दिल्ली नगर निगम का सबसे बड़ा स्वामी दयानंद अस्पताल साधनों के अभाव और दिल्ली सरकार की उपेक्षा के बावजूद बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ दे रहा है। प्रोत्साहन एवं बेहतर सेवाओं के लिए मैंने पहले भी दो आधुनिक वेंटिलेटर अस्पताल में लगवाए और अब माँग के अनुसार दो एम्बुलेंस सांसद निधि से अस्पताल प्रशासन को सौंप रहा हूँ।
श्री मनोज तिवारी ने कहा निगम को पंगु बनाने के लिए निरंतर षडयंत्र कर दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल लगातार नगर निगम द्वारा संचालित स्वास्थ्य केंद्रों को पंगु बनाकर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। वहीं आयुष्मान भारत योजना को दिल्ली में रोक कर दिल्ली के लाखों गरीब परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा से वंचित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के द्वारा संचालित अस्पताल एक के बाद एक अपनी बदहाल व्यवस्था के लिए बेनकाब हो रहे हैं, जिससे दिल्लीवासियों के खिलाफ केजरीवाल की मुहिम का पर्दाफाश हो गया है। श्री तिवारी ने आशा व्यक्त की कि दो एम्बुलेंस मिलने के बाद न सिर्फ जरूरतमंद मरीजों बल्कि क्षेत्र के हजारों गरीब परिवारों को इसका लाभ मिलेगा और परिवहन व्यवस्था के माध्यम से उनके अस्पताल से घर तक की दूरी कम हो जाएगी।
इस अवसर पर महापौर श्री बिपिन बिहारी सिंह ने कहा कि अस्पताल को बडे़ दिनों से एम्बुलेंस की जरूरत थी। निगम उपलब्ध नहीं करा सका, जिसे सांसद श्री मनोज तिवारी ने पूरा किया। सफाई के लिए सौ ई-रिक्शा दिये जो काम दिल्ली सरकार से होना चाहिए था। यह सहायता भी सांसद श्री मनोज तिवारी ने की।
निगम की स्वास्थ्य समिति के चेयरमैन श्री सचिन शर्मा ने कहा कि अगर सांसद श्री मनोज तिवारी निगम पार्षदों को सांसद निधि न देते तो हम जनसेवा का संकल्प पूरा नहीं कर पाते। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. रजनी खेडवाल, चेयरमैन श्री प्रमोद गुप्ता, निगम पार्षद श्रीमती इंद्रा झा, श्रीमती रीना माहेश्वरी, शिक्षा समिति की सदस्या श्रीमती स्वाति गुप्ता, पूर्व निगम पार्षद श्री सुनील झा, मीडिया विभाग के प्रदेश सह-प्रमुख श्री आनंद त्रिवेदी, जिला उपाध्यक्ष श्री आशीष तिवारी, विधानसभा संयोजक श्री टी एस खन्ना, श्री राजनाथ तिवारी, मंडल अध्यक्ष श्री रामपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं अस्पताल प्रशासन के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments