राजीव कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लड़ेंगे गौतम बुद्ध नगर से चुनाव

नोएडा। राजीव कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2019 में विभिन्न क्षेत्रों से विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों से प्रत्याशियों को उतारना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गौतमबुध नगर लोकसभा क्षेत्र से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित विनोद शर्मा ने ताल ठोका है। पंडित विनोद शर्मा ने समाज के सभी वर्ग के लिए संघर्ष करते हुए और आम आदमी के हकों के लिए चुनाव मैदान में उतरने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि विभिन्न राजनीतिक दलों ने अब तक देश की आम जनता के साथ छलावा किया है। आज देश में जातिवाद गरीबी भुखमरी बेरोजगारी चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। आज देश में हर एक राजनीतिक दल किसी न किसी जाति को लेकर राजनीति कर रहा है। कोई किसी को देशद्रोही तक बोल देता है तो दूसरे पर छींटाकशी, भद्दा मजाक और नेताओं की अभद्र भाषा में हमारी सभ्यता और हमारी संस्कृति को धूमिल कर दिया है। एक वक्त था देश में जब सभी जाति और धर्म के लोग एक साथ बैठकर देश हित की बातें किया करते थे लेकिन आज के मौजूदा दौर में राजनीतिक दलों ने समाज में इस कदर फूट डाल दिया है कि विभिन्न धर्मों और समुदाय के लोग एक मंच पर नहीं आ पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी मौसम में नेता जनता के सामने सत्ता प्राप्त करने के लिए अनेक प्रकार के वायदे करते हैं और सत्ता प्राप्त करने के बाद चुनाव में किए गए वायदे को भूल जाते हैं। जनता लालच वश इन राजनीतिक दलों के झांसे में आ जाती है और उन्हें वोट देकर सत्ता पर बैठा देती है। नेताओं पर हजारों करोड़ रुपए प्रति वर्ष खर्च होते हैं जितनी भी जन लुभावनी योजनाएं हैं जनता तक नहीं पहुंच पाती है। इन योजनाओं को बीच में ही नेताओं के दलाल खा जाते हैं। चुनावी मौसम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और प्रत्याशी आम जनता के बीच में जाकर उनके हित की बातें तो करते हैं लेकिन चुनाव जीतने के बाद इन्हीं नेताओं के दरबार में आम जनता को धक्के मार कर भगा दिया जाता है। चुनाव जीतने के बाद माननीय आम जनता को कुछ नहीं समझते हैं। उन्होंने कहा कि जनता केवल इन माननीयों की भाषण सुनने और उन्हें देखने के सिवा कुछ नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया राजीव कांग्रेस पार्टी का गठन केवल सत्ता प्राप्त करने के लिए नहीं हुआ है। अपितु नेताओं कि सोच को बदलने और जनता को जागरूक करने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि आम जनता के बीच में रहकर उनकी सभी समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। आम जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पार्टी का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि केवल और सिर्फ समाजसेवा के मकसद से ही वह चुनाव मैदान में उतरे हैं। इस चुनावी समर में धनाढय प्रत्याशी चुनावी माहौल बदलने में सक्षम है लेकिन आम जनता के पास वोट कि वह ताकत है कि वह धनाढ्य वर्ग को करारा जवाब दे सकती है।

Facebook Comments