युवा मोर्चा महारैली में लिया जायेगा “अबकी बार फिर से मोदी सरकार“ का संकल्प

नई दिल्ली, 19 जनवरी। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री मनोज तिवारी ने आज प्रदेश कार्यालय में दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा द्वारा 20 जनवरी, 2019 को रामलीला मैदान में होने वाले नमो अगेन युवा विजय संकल्प महारैली-2019 को लेकर प्रेस वार्ता की। इस प्रेस वार्ता में कार्यक्रम संयोजक एवं दिल्ली भाजपा उपाध्यक्ष श्री अभय वर्मा, दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष श्री सुनील यादव, मीडिया सह-प्रभारी श्री नीलकांत बख्शी एवं मीडिया प्रमुख श्री अशोक गोयल उपस्थित थे।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए श्री मनोज तिवारी ने कहा कि कल 20 जनवरी, 2019 ऐतिहासिक रामलीला मैदान एक बार फिर दिल्ली भाजपा द्वारा आयोजित एक महारैली का गवाह को होने जा रहा है। इससे पूर्व रामलीला मैदान, दिल्ली भाजपा के ऐतिहासिक रैलियों का स्थान रहा है। दिल्ली भाजपा पूर्वांचल मोर्चा द्वारा आयोजित पूर्वाचल महाकुम्भ से इसकी शुरूआत हुई। उसके बाद कुम्भकरणीय नींद में सोई केजरीवाल सरकार को जगाने के लिए महिला मोर्चा द्वारा महिला हुंकार रैली का आयोजन किया गया और फिर समाज में समानता व समरसता के संदेश के साथ अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा भीम महासंगम रैली का आयोजन किया गया। इसमें समरसता खिचड़ी बनाने हेतु दिल्ली की जनता ने मुठ्ठी भर दाल-चावल देकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया गया। इसी कड़ी में कल दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा के हजारों कार्यकर्ता नमो अगेन के नारे के साथ युवा विजय संकल्प महारैली का आयोजन करेंगे।
श्री तिवारी ने कहा कि जहां एक ओर पूरे देश में भाजपा में लोगों का विश्वास बढ़ रहा है, वहीं मोदी जी के नेतृत्व में देश ही नहीं विश्व में भारत का स्थान शिखर पर पहुंचा है। कल महारैली में देश और दिल्ली के हितों के लिए महत्वपूर्ण राजनैतिक प्रस्ताव रखें जायेगें। युवा विजय संकल्प महारैली को मध्य प्रदेश के लगातार तीन बार मुख्यमंत्री रहे, युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री शिवराज सिंह चैहान सम्बोधित करेगें और उनके साथ भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अनुराग ठाकुर एवं वर्तमान भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्षा सुश्री पूनम महाजन उपस्थित रहेगीं। दिल्ली में बढ़ रही नकारात्मक राजनीति पर युवा विजय संकल्प महारैली दिल्ली भाजपा की सकारात्मक शुरूआत है। दिल्ली में केजरीवाल सरकार झूठ व दुष्प्रचार की राजनीति बन्द कर दिल्ली में बढ़ रहे प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए उपाय करें, माननीय न्यायलय का यह कह देना कि दिल्ली रहने लायक नहीं है दिल्ली के मुख्यमंत्री के लिए ये बेहद शर्म की बात है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ-सबका विकास के मन्त्र को लेकर आगे बढ़ी है जिसके बहुत ही सकारात्मक परिणाम हर वर्ग के जीवन में देखने को मिले हैं। युवाओं की बात करें तो प्रधानमंत्री जी युवाओं के विकास के लिए अनेक योजनायें लेकर आये हैं जैसे मुद्रा लोन योजना जिसके पीछे प्रधानमंत्री जी की दूरगामी दृष्टि का परिचय देखने को मिला। इस योजना का मकसद युवाओं को जॉब सीकर की बजाये जॉब क्रियेटर बनाना था। उन्होंने बताया कि स्टैंडअप योजना, स्किल इंडिया, कौशल विकास योजना जैसी अनेक योजनायें हैं जिनके माध्यम से 15-20 करोड़ से ज्यादा युवा लाभान्वित हुए हैं।

Facebook Comments