बिहार से फरार तेजस्वी यादव आम आदमी पार्टी का प्रवक्ता बन जाये तो बेहतर होगा: डॉ. निखिल आनंद

पटना: बिहार भाजपा प्रवक्ता डॉo निखिल आनंद ने आम आदमी पार्टी द्वारा अप्रवासियों का किराया देने के दावे का कड़ा प्रतिवाद किया है। निखिल ऩे कहा कि दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार फर्ज़वाड़ा करने वाली सरकार है और बिहारी अप्रवासियों का किराया देने का झूठ न फैलाए। इस देश में फ़ेडरल स्ट्रक्चर है कोई भी राज्य फेसिलीटेटर हो सकता है, मददगार हो सकता है। लेकिन झूठ की खेती कर राजनीति करना अरविंद केजरीवाल से बेहतर कोई नहीं कर सकता है। यही केजरीवाल सरकार है जिसके इशारे पर आम आदमी पार्टी ने कुछ दिनों पूर्व लाउडस्पीकर से प्रचारित कर हजारों की संख्या में बिहार और पूर्वांचल के लोगों को आनंद विहार बस अड्डे पर बुला लिया था। उस वक्त आम आदमी पार्टी के लोग चुहे के बिल में छुप गये थे और अप्रवासी भाईयों की मदद के लिए कहीं नजर नहीं आ रहे थे। अब वहीं लोग झूठ की बुनियाद पर शुभचिंतक बन इमेज मेकओवर करना चाह रही है।

निखिल आनंद ने कोरोना की चुनौती के वक्त में बिहार से फरार चल रहे तेजस्वी यादव को आम आदमी पार्टी का प्रवक्ता बनने की सलाह दी। साथ ही केजरीवाल के साथ सुर में सुर मिलाने के लिए तेजस्वी यादव को कोंसा और कहा कि वे दिल्ली में पूर्वांचल विरोधी मानसिकता वाली आम आदमी पार्टी से गठजोड़ कर बिहार का अपमान कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल खुद अपनी पार्टी की ओर से झूठ फैलाने के लिए बिहार की जनता से माफ़ी माँगे। तेजस्वी यादव को भी अरविंद केजरीवाल के झूठ पर प्रोपोगंडा फैलाने के लिए बिहार की जनता से माफी माँगनी चाहिए।

निखिल आनंद ने बताया कि केंद्र सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है किराया यात्रियों को नहीं देना है और किराये का 85 फीसदी केंद्र देगा और 15% राज्य सरकार वहन करेगी। यही नहीं बिहार सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह बिहार आने वाले सभी अप्रवासी लोगो का किराया वहन करेगी। यही नहीं बिहार सरकार के पास इस बात के पुख्ता कागजात हैं जो स्पष्ट करते हैं कि बिहार आने वाले सभी लोगों का किराया राज्य सरकार वहन करेगी।

Facebook Comments