लोकल के लिए वोकल बन दें चीन को जवाब: डॉ संजय जायसवाल
Date posted: 18 June 2020
पटना: चीन की कारगुजारियों का माकूल जवाब देने के लिए आम जनता से अपील करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने कहा “ पूरी दुनिया के लिए सिरदर्द बना हुआ चीन आज अपने ही बुने जाल में बुरी तरह उलझ चुका है. कोरोना संकट को जन्म देने के कारण विश्व स्तर पर हो रही बेइज्जती, औंधे मुंह गिर रही अर्थव्यवस्था के कारण अपनी विशालकाय जनता का पेट भरने की चुनौती, अपने नागरिकों में फ़ैल रहा असंतोष, कई मुल्कों द्वारा अनेक मोर्चों पर किया जा रहा बायकाट आदि चुनौतियों से चौतरफा घिरा चीन, अपनी साख बचाए रखने के लिए भारत को उकसा कर दुनिया का ध्यान मुख्य मुद्दों से हटाने की असफ़ल कोशिश कर रहा है.
बहरहाल चीन यह भूल गया है कि न तो देश पहले वाला है और न देशवासी. चीन के कायरतापूर्ण हमले के जवाब में जिस तरह से हमारे सैनिकों ने अपने शौर्य का प्रदर्शन करते हुए, बिना गोली-बंदूक के उनके दुगने सैनिकों को मार गिराया है, उससे यह स्पष्ट संदेश गया है कि बुद्ध की यह भूमि युद्ध में भी उन पर भारी है.”
जनता से अपील करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा “ आज युद्ध केवल सीमा पर नहीं लड़ा जाता. चीन से निपटने के लिए जनसहयोग ही सबसे बड़ा अस्त्र है. प्रधानमन्त्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने आत्मनिर्भर भारत की बुनियाद रख कर चीन की दुखती रग पर पहले ही ऊँगली रख चुके हैं. अब हमारा दायित्व है कि उनके इस संकल्प को हकीकत में बदलने में अपना पूरा सहयोग दें. मेरी बिहार की समस्त जनता से अपील है कि ‘लोकल के लिए वोकल’ बनें यानी चीनी और अन्य विदेश निर्मित उत्पादों के ऊपर देश में निर्मित उत्पादों की खरीद-बिक्री करें. इससे एक तरफ देश के दुश्मनों की आर्थिक स्थिति और खस्ताहाल होगी, दूसरी तरफ हमारी अर्थव्यवस्था और तेजी से सुदृढ़ और सशक्त बनेगी.”
विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए डॉ जायसवाल ने कहा “ भारत-चीन सीमा पर हुई घटना से जहाँ देश गर्व, शोक और संवेदना में डूबा हुआ है, वहीं देश के कुछ राजनीतिक दलों की बांछे खिल गयी है. उनकी शह पर एक बार फिर से सेना से सबूत मांगने और उनका मनोबल तोड़ने की कोशिशें शुरू हो गयी हैं. इन्हें चीन से नहीं बल्कि भारतीय सेना और सरकार से जवाब चाहिए. इनके बयानों को देखें तो ऐसा लगता ही नहीं कि यह भारत के पक्ष में खड़े हैं. बहरहाल जनता सब देख और सुन रही है और इन्हें वक्त पर माकूल जवाब जरुर देगी.”
Facebook Comments