दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने फर्स्ट एड इमरजेंसी कोविड मेडिकल सेंटर का किया उद्घाटन
Date posted: 20 June 2020
नई दिल्ली: द्वारका के नीलांचल वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आज दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने फर्स्ट एड इमरजेंसी कोविड-19 मेडिकल सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य डॉ. आशीर्वाद आचार्य, दक्षिण पश्चिमी जिलाधिकारी राहुल सिंह, जिलाध्यक्ष सुमन शर्मा, एसडीएम चंद्रशेखर, पूर्व विधायक राजेश गहलोत, सोसाइटी अध्यक्ष सुधा सिन्हा, सचिव आकाश अत्रे व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
आदेश गुप्ता ने कहा कि नीलांचल सोसाइटी द्वारा कोविड-19 मेडिकल सेंटर खोल कर बहुत ही नेक काम किया गया और दिल्ली को भी इसकी जरूरत है। जिस तरह से दिल्ली में कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है ऐसे में सभी को मिलकर दिल्ली के लोगों को सुरक्षित रखने के लिए आगे आना चाहिए। मोदी सरकार के हस्तक्षेप के बाद पिछले चार-पांच दिनों से दिल्ली में कोरोना संबंधित समस्याओं को नियंत्रित किया गया है। टेस्टिंग रेट को आधा कर दिया गया है और अस्पतालों की मनमानी पर लगाम लगाते हुए प्राइस कैपिंग की गई है और अन्य कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किशन रेड्डी व नित्यानंद राय स्वयं एंटीजन डिटेक्शन टेस्टिंग सेंटर का दौरा कर रहे हैं और वहां की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। दिल्ली में कोरोना संक्रमण की गंभीरता को देखते हुए रेल कोच को कोविड बेड में तब्दील किया गया।
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में कोविड बेड की उपलब्धता को देखते हुए नीलांचल वेलफेयर सोसाइटी ने कोविड-19 मेडिकल सेंटर खोल कर एक अनूठी पहल की है जो समय की मांग के साथ सार्थक और सराहनीय है। वैश्विक महामारी कोरोना से निपटने के लिए हमें सावधानी और सतर्कता की जरूरत है। दिल्ली के भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए लॉक डाउन की अवधि में दिल्ली के गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच एक करोड़ से ज्यादा फूड पैकेट्स और 31 लाख सूखे राशन किट का वितरण किया। अब अनलॉक के शुरू होने के बाद दिल्ली के लोगों की सुरक्षा के लिए उनके बीच रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के काढ़े के पैकेट्स, फेस मास्क और सैनिटाइजर का वितरण कर रहे हैं।
गुप्ता ने कल योग दिवस के मौके पर सभी को सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए योग दिवस के कार्यक्रम में सम्मिलित होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से लड़ने के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ होना भी जरूरी है और इसके लिए सबसे कारगर उपाय योग ही है।
Facebook Comments