मोदी के आह्वान पर देश का हर नागरिक देश को आत्मनिर्भर बनाने की ओर अग्रसर: आदेश गुप्ता

नई दिल्ली: वैश्विक महामारी कोरोना की इस लड़ाई में मोदी सरकार द्वारा देशवासियों को हर संभव सहायता दी गई जिसने इस लड़ाई को और मजबूती प्रदान की है। प्रदेश कार्यालय में आज दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया और मोदी सरकार द्वारा देशवासियों के हित में उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों और जन कल्याणकारी योजनाओं को संक्षेप में रखा। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा उपस्थित थे।

आदेश गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार सदैव गरीबों को समर्पित सरकार रही है। मोदी सरकार ने देश को वैश्विक महामारी कोरोना से बचाने के लिए समय पर लॉकडाउन किया और इस बात का भी विशेष ध्यान रखा कि लॉकडाउन के कारण कोई भी गरीब भूखा न रहे। इसके लिए केंद्र की मोदी सरकार ने गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत अप्रैल से लेकर जून तक देश के 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन देने का प्रावधान किया। अब त्योहारों का मौसम आ रहा है और ऐसे में खर्च भी बढ़ते हैं इसलिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का विस्तार अब दीवाली और छठ पूजा तक, यानि 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज देने वाली ये योजना, अब जुलाई, अगस्त, सितंबर, अक्टूबर, नवंबर में भी लागू रहेगी। जिसके तहत सरकार द्वारा अगले पांच महीनों के लिए 80 करोड़ से ज्यादा भाई-बहनों को 5 किलो गेहूं या 5 किलो चावल, 1 किलो दाल मुफ्त दिया जाएगा। इस योजना से जितने गरीब मजदूर भाई-बहन लाभान्वित होंगे उनकी जनसंख्या अमेरिका की जनसंख्या का ढाई गुना और ब्रिटेन की जनसंख्या का 12 गुना है। उन्होंने कहा कि अन्न की प्राप्ति पर हम मां अन्नपूर्णा को पूजते हैं, मोदी जी ने भी उदारता का परिचय देते हुए देश के गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए अन्न की पूर्ति की है।
श्री गुप्ता ने कहा कि गरीब कल्याण पैकज के तहत अप्रैल 2020 से शुरू की गई इस योजना पर नवंबर 2020 तक लगभग 1.50 लाख करोड़ रुपये खर्च होगा। इससे दिल्ली के 70 लाख गरीब व जरूरतमंद लोग भी लाभान्वित होंगे। प्रवासी मजदूर भाई-बहनों की राशन की समस्या को दूर करने के लिए अब पूरे भारत के लिए एक राशन कार्ड की व्यवस्था भी हो रही है यानि एक राष्ट्र-एक राशन कार्ड। इसका सबसे बड़ा लाभ उन गरीब भाई-बहनों को को मिलेगा, जो रोजगार या दूसरी आवश्यकताओं के लिए अपना गांव छोड़कर के कहीं और जाते हैं। एक राष्ट्र एक राशन कार्ड के तहत देश के किसी भी कोने के राशन डिपो से राशन कार्ड धारक उचित दाम पर राशन ले सकते हैं।
श्री गुप्ता ने बताया कि बीते 3 महीनों में 20 करोड़ गरीब महिलाओं के जनधन खातों में सीधे 31 हजार करोड़ रुपए जमा करवाए गए। दिल्ली की 20 लाख 36 हजार से ज्यादा महिलाओं के जनधन खाते में पिछले 3 महीने में 305 करोड़ भेजे गए। किसान सम्मान निधि योजना के तहत 9 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18 हजार करोड़ रुपए जमा हुए हैं। इसका लाभ दिल्ली के 12,075 किसानों को भी हुआ, उनके खाते में 2.41 करोड़ रुपए भेजे गए। उसी तरह उज्जवला योजना के तहत दिल्ली की 1.80 लाख लाभार्थियों को 3 महीने के लिए मुफ्त सिलेंडर मुहैया करवाया गया जिसके लिए 25 करोड़ की राशि खर्च की गई। उन्होंने कहा कि श्रमिकों और कामगारों को घर के पास काम देने के उद्देश्य के साथ मोदी सरकार ने गरीब कल्याण रोजगार योजना की शुरुआत की है जिसके तहत 50,000 करोड़ रुपए खर्च किए जाने है। लॉकडाउन के दौरान जो भी श्रमिक भाई-बहन अपने राज्यों को लौट गए हैं उन्हें उनके घर के पास ही रोजगार मुहैया कराया जाएगा। संकट की इस घड़ी में यह मोदी सरकार की संवेदनशीलता ही है जो वो मजदूर भाई-बहनों की राज्य में है रोजगार की व्यवस्था कर रहे हैं।
श्री गुप्ता ने कहा कि कहा कि देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मोदी सरकार ने आत्मनिर्भर पैकेज की घोषणा की जिसके अंतर्गत कई काम शुरू हो गए हैं। इस योजना के तहत 1000 करोड़ रुपए का अनुमोदन भी किया जा चुका है। मोदी जी के आह्वान पर देश का हर नागरिक देश को आत्मनिर्भर बनाने की ओर अग्रसर है। हम सारे एहतियात बरतते हुए आर्थिक गतिविधियों को और आगे बढ़ाएंगे। हम आत्मनिर्भर भारत के लिए दिन-रात एक करेंगे। हम सब ‘लोकल के लिए वोकल’ होंगे। इसी संकल्प के साथ हमें मिलजुल कर, काम भी करना है, आगे भी बढ़ना है। उन्होंने कहा कि हमारे देश के किसानों की मेहनत और इमानदार टैक्स पेयर के टैक्स से ही आज देश का गरीब, इतने बड़े संकट से मुकाबला कर पा रहा है। आज हम सभी देश के किसानों और ईमानदार टैक्सपेयर के आभारी है जिन्होंने अपना दायित्व निभाया और देश को संकट से निकलने में सहायता कर रहे हैं। आदरणीय मोदी जी द्वारा इस संक्रमण काल में देश के हर एक व्यक्ति को लाभान्वित करने के लिए और उनकी रक्षा हेतु किए गए हर संभव प्रयास के लिए हम उनका अभिनंदन करते है। मोदी जी के नेतृत्व में हम निश्चित ही कोरोना की लड़ाई में विजय प्राप्त करेंगे।

Facebook Comments