August 30, 2026 | 12:07:52
पटना: बिहार में अवैध बालू खनन और उठाव के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम की अपराधियों से मुठभेड़ हो गई। घटना पटना के परेव सोन नदी घाट के पास की बताई जा रही है। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच करीब 62 राउंड फायरिंग हुई।
गोलीबारी में एक सब-इंस्पेक्टर समेत दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वहीं, एक आरोपी अनीश कुमार भी गोली लगने से घायल हुआ, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मौके से देसी राइफल, देसी कार्बाइन समेत कई हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, टीम अवैध बालू उठाव पर रोक लगाने के लिए घाट पर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अवैध बालू कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।