November 19, 2026 | 00:35:40
चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में बुधवार, 18 नवंबर की सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक सुबह 10 बजकर 21 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 मापी गई।
भूकंप का केंद्र चमोली जिले में जोशीमठ से करीब 19 किलोमीटर दक्षिण में दर्ज किया गया। इसकी गहराई जमीन से 10 किलोमीटर नीचे बताई गई है। भूकंप के झटके जिले के कई हिस्सों में महसूस किए गए।
खास बात यह है कि पहले झटके के करीब 32 मिनट बाद सुबह 10 बजकर 52 मिनट पर चमोली में 2.8 तीव्रता का एक और भूकंप दर्ज किया गया। जिला प्रशासन के अनुसार फिलहाल दोनों घटनाओं में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
भूकंप के बाद प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उत्तराखंड का हिमालयी क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में लगातार दो झटके दर्ज होने के बाद लोगों में चिंता देखी जा रही है।