November 14, 2026 | 05:49:57
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है। शुक्रवार, 13 नवंबर की सुबह दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक AIIMS के आसपास AQI 418 दर्ज किया गया, जो गंभीर (Severe) श्रेणी में आता है।
दिल्ली का सुबह 8:05 बजे औसत AQI 403 दर्ज किया गया। वहीं ITO इलाके में सुबह 5:55 बजे AQI 455 तक पहुंच गया। इसके अलावा अक्षरधाम के आसपास 414 और राजोकरी बॉर्डर पर 402 AQI रिकॉर्ड किया गया।
CPCB के अनुसार दिल्ली के 58 सक्रिय मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 33 स्टेशनों पर हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई।
प्रदूषण बढ़ने के कारण राजधानी में सुबह के समय घना स्मॉग देखने को मिला। कई इलाकों में दृश्यता भी प्रभावित हुई है। लोगों को आंखों में जलन, गले में परेशानी और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक कम तापमान, धीमी हवा, वाहनों से निकलने वाला धुआं, औद्योगिक उत्सर्जन और पराली जलाने जैसी गतिविधियां दिल्ली-NCR में प्रदूषण बढ़ने के प्रमुख कारण हैं।
गंभीर श्रेणी की हवा का असर स्वस्थ लोगों पर भी पड़ सकता है। बच्चों, बुजुर्गों और सांस या हृदय संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
प्रदूषण के बढ़ते स्तर के बीच दिल्ली-NCR में पहले से लागू GRAP के प्रतिबंधों और सरकारी कदमों पर भी नजर बनी हुई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि दिल्ली की जहरीली हवा से लोगों को राहत कब मिलेगी और प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सरकार क्या कदम उठाती है।