November 07, 2026 | 21:47:05
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार देर रात हुए जोरदार धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवार में दरार आ गई। घटना के दौरान एक दरोगा और एक फूड डिलीवरी एजेंट के घायल होने की खबर सामने आई है।
धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। जांच एजेंसियों ने घटनास्थल से नमूने एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।
इस बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 'गाजी-2' नाम के अकाउंट से एक पोस्ट सामने आई है। इसमें 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' नाम के संगठन की ओर से धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि, इस पोस्ट और संगठन की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता, अकाउंट की पहचान और धमाके के वास्तविक कारण की जांच कर रही हैं। फिलहाल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।