November 20, 2026 | 02:30:07

Sambhal News: महंत ऋषिराज गिरी की पदयात्रा पर बवाल, पुलिस बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़े समर्थक

19 Nov 2026
Sambhal News: महंत ऋषिराज गिरी की पदयात्रा पर बवाल, पुलिस बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़े समर्थक

संभल: उत्तर प्रदेश के संभल में गुरुवार, 19 नवंबर को हरिहर मंदिर और शाही जामा मस्जिद विवाद को लेकर एक बार फिर माहौल गरमा गया। महंत ऋषिराज गिरी के नेतृत्व में निकाली जा रही पदयात्रा को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने रास्ते में बैरिकेडिंग की थी। लेकिन पदयात्रा में शामिल समर्थकों ने पुलिस के बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिसकर्मियों और समर्थकों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई।

जानकारी के मुताबिक, महंत ऋषिराज गिरी ने कैला देवी धाम से संभल स्थित हरिहर मंदिर तक पदयात्रा निकालने का ऐलान किया था। पदयात्रा को लेकर प्रशासन पहले से ही अलर्ट था। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समर्थक कैला देवी धाम पर एकत्रित हुए। इसके बाद महंत ऋषिराज गिरी समर्थकों के साथ पदयात्रा लेकर मुख्य चौराहे की ओर बढ़े। यहां पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की।

पुलिस के रोकने पर समर्थकों ने बैरिकेडिंग को हटाकर फेंक दिया। इसके बाद मौके पर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान कई पुलिसकर्मी जमीन पर गिर गए और काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने महंत ऋषिराज गिरी को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने बताया कि हरिहर मंदिर और शाही जामा मस्जिद से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में पदयात्रा से कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद अधिकारियों के समझाने पर पदयात्रा को आगे ले जाने का फैसला बदल दिया गया। इसके बाद कैला देवी मंदिर की परिक्रमा की गई और मंदिर परिसर में संबोधन के साथ कार्यक्रम समाप्त हो गया।

बता दें कि महंत ऋषिराज गिरी अंतरराष्ट्रीय हरिहर सेना के संस्थापक हैं। वह संभल के शाही जामा मस्जिद और हरिहर मंदिर से जुड़े विवाद में याचिकाकर्ताओं में भी शामिल हैं।

फिलहाल प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement