November 21, 2026 | 02:36:17
नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच एक बड़ी कूटनीतिक खबर सामने आई है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक (Musadik Masood Malik) शुक्रवार, 20 नवंबर को नई दिल्ली पहुंच गए।
मुसादिक मलिक शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह कार्यक्रम 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित किया जा रहा है।
करीब तीन साल बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री का भारत दौरा हुआ है। इससे पहले मई 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी SCO की बैठक में शामिल होने के लिए गोवा आए थे।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, मुसादिक मलिक इस मंच पर सभ्यताओं के बीच संवाद और सांस्कृतिक समझ को लेकर पाकिस्तान का पक्ष रखेंगे।
इस बैठक में SCO के सदस्य देशों के प्रतिनिधि सभ्यताओं के बीच सहयोग, सांस्कृतिक विरासत और आपसी संवाद जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में शामिल होने वाले हैं।
हालांकि, भारत और पाकिस्तान के बीच मई 2025 के सैन्य संघर्ष के बाद से रिश्तों में तनाव बना हुआ है। ऐसे में पाकिस्तानी मंत्री का भारत पहुंचना कूटनीतिक लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
अब सभी की नजरें इस बात पर रहेंगी कि इस बहुपक्षीय बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच किसी तरह की बातचीत या सकारात्मक संकेत सामने आते हैं या नहीं।