November 25, 2026 | 19:32:01

UAE Bus Truck Accident: बस-ट्रक की टक्कर में 13 की मौत, भारतीय भी शामिल

25 Nov 2026
UAE Bus Truck Accident: बस-ट्रक की टक्कर में 13 की मौत, भारतीय भी शामिल

रास अल खैमाह। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास अल खैमाह में मंगलवार, 24 नवंबर की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 14 अन्य घायल हुए हैं। मृतकों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, हादसा अल वतन रोड पर हुआ। बस में कुल 41 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खड़ा ट्रक तकनीकी खराबी के कारण रुका हुआ था। इसी दौरान बस उससे टकरा गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस, सिविल डिफेंस और रेस्क्यू टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

शुरुआत में दुर्घटना में 11 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी। बाद में गंभीर रूप से घायल दो और लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई।

दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हादसे में भारतीय नागरिकों की मौत की पुष्टि की है। दूतावास ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों की मदद के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क किया जा रहा है।

रास अल खैमाह पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से सड़क पर सतर्क रहने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

UAE में इस महीने यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले 12 नवंबर को फुजैराह में हुए भीषण सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत हुई थी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement