September 03, 2026 | 11:51:43
अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़ा बड़ा प्रशासनिक फैसला सामने आया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। उनका काम मंदिर और ट्रस्ट के प्रशासन, संचालन तथा व्यवस्थाओं को मजबूत करना होगा।
जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना के पश्चिमी वायु कमान के प्रमुख रह चुके हैं और अप्रैल 2026 में सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली थी। ट्रस्ट के मुताबिक, उनके प्रशासनिक और प्रबंधन अनुभव को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है।
ट्रस्ट ने इसके साथ तीन नए ट्रस्टियों की भी नियुक्ति की है। इनमें महेश भागचंदका, अधिवक्ता मदन मोहन पांडेय और डॉ. निर्मला यादव शामिल हैं। इसके अलावा स्वामी गोविंद देव गिरि को ट्रस्ट का महासचिव बनाया गया है।
CEO के चयन के लिए ट्रस्ट की सर्च कमेटी ने 5,585 आवेदनों की समीक्षा की थी और 16 उम्मीदवारों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद तीन नामों का पैनल तैयार किया था। इसके बाद ट्रस्ट ने जितेंद्र मिश्रा के नाम पर मुहर लगाई।