September 12, 2026 | 18:36:17
लखनऊः उत्तर प्रदेश सरकार के महिला सशक्तिकरण एवं युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयासों के क्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अलीगंज, लखनऊ द्वारा आज विवेकानंद हॉल में “महिला स्पेशल रोजगार मेले” का आयोजन किया गया।
मेले का उद्घाटन विधायक लखनऊ उत्तरी डॉ. नीरज बोरा ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कटिबद्ध है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम, इंटर पास युवतियों को स्कूटी और 60 वर्ष से ऊपर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा जैसे कदम सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक प्रयास हैं। उन्होंने प्रधानाचार्य राज कुमार यादव, प्लेसमेंट अधिकारी एम.ए. खान एवं टीम की सराहना की।
प्रधानाचार्य राज कुमार यादव ने बताया कि संस्थान प्रशिक्षण के साथ-साथ रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है, जिसके चलते लखनऊ प्लेसमेंट में विगत कई वर्षों से प्रथम स्थान पर है।
प्लेसमेंट अधिकारी एम.ए. खान ने बताया कि मेले में चार प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कुल 725 महिला अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 405 अर्ह पाई गईं। लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार में 25 सहित कुल 175 अभ्यर्थियों का चयन हुआ।
मेले को सफल बनाने में कार्यदेशक पूनम, मलिहा खातून, जिल्लुर रहमान, मकबूल कादिर, समस्त महिला अनुदेशक एवं ग्रे सिम लर्निंग फाउंडेशन का विशेष सहयोग रहा।