देश की यात्रा पर निकलने वाले नीतीश कुमार अब बिहार भ्रमण करेंगे: मनोज शर्मा

बिहार भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व विधायक मनोज शर्मा ने बयान जारी करते हुए कहा कि एक समय बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरे देश में भ्रमण करने का दावा कर रहे थे। विरोधी एकता को एकजुट करने में लगे थे, कह रहे थे कि पूरे भारत में घूम घूम कर एक बड़ी ताकत तैयार करेंगे। लेकिन, अब इनसे अपना बिहार ही नहीं संभल रहा है तो,बिहार भ्रमण पर निकल रहे हैं। क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यह समझ चुके हैं और पूरी तरह से जान चुके हैं कि उनकी विरोधी एकता वाली मुहिम पूरी तरह से फेल हो चुकी है। कहीं भी उनकी दाल नहीं गलने वाली है तो, वह अब बिहार पर फोकस करने लगे हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बिहार संभल नहीं रहा है। हत्याएं, लूट-खसोट, बलात्कार, जहरीली शराब से मौत, भ्रष्टाचार जैसे मामलों से बिहार की भयावह स्थिति हो चुकी है और ऐसे हालात में मुख्यमंत्री जी पूरी तरह से हताश हो चुके हैं। यात्रा के बहाने वो एक बार फिर से लोगों के मन को टटोलने जा रहे हैं। लेकिन इस बार लोगों ने मन बना लिया है कि अब बार-बार पलटी मारने वाले नीतीश कुमार का साथ नहीं देंगे।
हालांकि, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को बिहार दौरा पर जाना है तो जाएं। लेकिन, कम से कम एक काम वह करें कि बनावटी लोगों से ना मिले, सजाए हुए भवन में जाकर उद्घाटन ना करें।  थ्री लेयर सिक्योरिटी में जाकर समाहरणालय में मीटिंग करना, डी एरिया की सिक्योरिटी में लोगों के बीच में भाषण देना, यह सब कुछ आसान हो जाता है लेकिन, सही बात नहीं पहुंचती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी थोड़ा हिम्मत दिखाएं और बहुत ही कम सुरक्षाकर्मियों के साथ यदि लोगों के बीच में जाएंगे तो उन्हें  बिहार की असलियत का पता चलेगा, लोग बताएंगे कि किस तरह से बिहार में अपराध हो रहे हैं, भ्रष्टाचार अपने चरम पर है, लोग बताएंगे किस तरह से सामाजिक स्थिति खराब हुई है।
वैसे भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी अब अपना पावर ट्रांसफर धीरे-धीरे तेजस्वी यादव में कर रहे हैं। जिस तरह से हाल के दिनों में जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बैठक में शामिल होना है वहां तेजस्वी यादव शामिल हो रहे हैं। पिछले दिनों ईस्टर्न जोनल सिक्योरिटी काउंसिल की बैठक में नीतीश कुमार की जगह तेजस्वी यादव शामिल हुए। 30 दिसंबर को नमामि गंगे को लेकर हो रही बैठक में जहां मुख्यमंत्री को शामिल होना है वहां बिहार के उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे। पिछले ही दिनों बिहार के नए डीजीपी आर एस भट्टी बने तो पहले सलामी ठोकने सीधे तेजस्वी यादव के पास पहुंचे गए। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं की नीतीश कुमार अपना पावर ट्रांसफर कर रहे हैं। मुख्यमंत्री, जी आप यात्रा पर निकल रहे हैं तो पूरी तरह से अपना पावर तेजस्वी यादव जी को दे दीजिए। इधर, आप भी परेशान हैं उधर, तेजस्वी यादव परेशान हैं। अपनी परेशानी को खत्म कीजिए और अपना पूरा पावर तेजस्वी यादव में दे दीजिए।

Facebook Comments