बस स्टेशनों की निगरानी के लिये डिपो स्तर पर ‘‘कोविड टास्क फोर्स‘’’ गठित: डाॅ. राजशेखर
Date posted: 6 May 2020
लखनऊ: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबन्ध निदेशक डा0 राज शेखर ने बताया कि कोविड-19 संक्रमण को रोकने के लिए गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर प्रदेश में घोषित ग्रीन जोन के जनपदो में सामान्य बसों का संचालन किया जा सकता है। बसों को संचालित किये जाने के सम्बन्ध मे सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा है कि ग्रीन जोन के जनपद सीमा के अन्तर्गत समस्त मार्गों पर सेवाओं का संचालन सुनिश्चत किया जाये। ग्रीन जोन के किसी भी जनपद से सीमावर्ती ग्रीन जोन के जनपद हेतु बस संचालित की जा सकती है। प्रदेश के किसी दो ग्रीन जनपद के मध्य बस सेवा संचालित की जा सकती है।
डाॅ0 राजशेखर ने बताया कि अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि ग्रीन जोन जनपद के अन्तर्गत स्थित बस स्टेशनो को प्रति दिवस 02 बार सेनेटाइज कराया जाये। प्रत्येक ट्रिप के संचालन से पूर्व बस को सेनेटाईज किया जाना सुनिश्चित किया जाये। बसों पर तैनात चालक व परिचालक निर्धारित वर्दी में डयूटी करेगें। चालक एवं परिचालक द्वारा मास्क का प्रयोग किया जाना अनिवार्य होगा। परिचालक द्वारा मास्क के साथ हैण्ड ग्लव्स का भी प्रयोग किया जायेगा। उ0प्र0 परिवहन निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों की प्रतिदिन थर्मल स्क्रीनिंग करायी जाये। यात्रियों द्वारा बस में प्रवेश से पूर्व मास्क लगाने, मास्क न होने पर रूमाल अथवा गमछा मुँह पर बांधने के उपरान्त ही यात्रा अनुमन्य की जायेगी।
प्रबंध निदेशक ने बताया कि निर्देश दिये गये हैं कि यात्रियों के उपयोग के लिए 500उस का हैण्ड सेनेटाइजर प्रत्येक बस में उपलब्ध होगा। परिचालक द्वारा यह सुनिश्चत किया जायेगा कि बस में यात्रा से पूर्व प्रत्येक यात्री का हैण्ड सेनेटाइज कराया जाये। प्रत्येक बस में यात्रियों की संख्या भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप होगी। बस स्टेशन पर कर्मचारियों एवं यात्रियों के प्रयोगार्थ साबुन एवं हैण्ड सेनेटाइजर की पृथक से अनिवार्य व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। उन्होंने बताया कि कोविड संक्रमण के मानको के आधार पर भविष्य में जनपदों के जोन श्रेणी में परिवर्तन होने की स्थिति में संचालन के सम्बन्ध में जिला प्रशासन से सम्पर्क कर उचित निर्णय लिया जाये। प्रत्येक बस स्टेशनों की निगरानी के लिये डिपो स्तर पर ‘‘कोविड टास्क फोर्स‘’’ का गठन किया गया है, जो समस्त निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करायेगी।
Facebook Comments