34 कमरों से बनने वाले दिल्ली नगर निगम के सबसे बड़े विद्यालय का हुआ शिलान्यास

नई दिल्ली:  केंद्रीय शहरी एवं विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गौशाला पार्क, का आज प्रेम नगर में दिल्ली नगर निगम के अब तक के सबसे बड़े विद्यालय का शिलान्यास करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार जिस तरह से देश के विकास के लिए कार्य कर रही है, उसकी फेहरिस्त काफी लंबी है। मार्च 2020 यानी पहले लॉक डाउन के दौरान 90 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त तीन समय प्रतिदिन भोजन की व्यवस्था करने से लेकर 106 करोड़ से ज्यादा टीकाकरण को अंजाम देना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

हरदीप सिंह पुरी ने प्रेम नगर में 8 करोड़ की लागत से तैयार किए जाने वाले 34 कमरों के इस बड़े विद्यालय के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता एवं निगम के सभी कर्मियों को धन्यवाद दिया क्योंकि उनकी कड़ी मेहनत के कारण कूड़े के ढेर को हटाकर एक शानदार विद्यालय एवं खेल के मैदान में बदलने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पिछले 40 वर्षों से चली आ रही सबसे बड़ी समस्या अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वालों को उनका मालिकाना हक दिलाने का काम को मोदी सरकार ने अंजाम दिया है। श्री पुरी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्र में एक करोड़ 13 लाख आवास सैक्शन किया गया है। यही नहीं जहां झुग्गी वही मकान के प्रति मोदी सरकार वचनबद्ध है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि यह प्रेम नगर और उसके आसपास के क्षेत्रों के लिए बड़ी सौभाग्य की बात है कि निगम के सबसे बड़े विद्यालय का निर्माण होने जा रहा है। इस विद्यालय से प्रेम नगर, नेहरू नगर, बलजीत नगर और पंजाबी बस्ती के अलावा आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले बच्चों को विशेष लाभ मिलेगा। प्रेम नगर जो विकास की गंगा बह रही है वह आगे भी बहती रहेगी। उन्होंने कहा कि पहले इस जगह पर कूड़े का ढेर हुआ करता था और साथ ही बांग्लादेशी कबाड़ी के चंगुल में यह 2 एकड़ की जमीन थी जिसे छुड़ाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी अंत में आज यह विकास कार्य संभव हो पाया है।
आदेश गुप्ता ने कहा कि प्रेम नगर में 1500 वर्ग मीटर का सिर्फ एक छोटा विद्यालय था जिसमें दो पालियों में पढ़ाई होती थी लेकिन अब इस विद्यालय के बनने के बाद क्षेत्र के लोगों की समस्या खत्म हो जाएगी। उन्होंने मंच से ही प्रेम नगर के लोगों की एक और समस्या श्री पुरी के सामने रखी जिसके अंतर्गत डीएमएस रोड से एक 100 मीटर की पतली सड़क है जिससे होकर गुजरने में लोगों को काफी तकलीफों का सामना करना पड़ता है। अगर यह समस्या खत्म हो जाये तो प्रेम नगर की जनता हमेशा आभारी रहेगी जिसके बाद हरदीप सिंह पुरी ने इसे स्कूल बनकर तैयार होने से पहले ही बनवाने का वादा किया।
आदेश गुप्ता ने कहा कि यह विद्यालय बनकर तैयार होने में 18 महीनों का वक़्त लगना है लेकिन हमारी कोशिश रहेगी कि इसे 12 महीनों में ही तैयार कराया जाए। उन्होंने निगम की इस बड़ी सौगात के लिए सभी पदाधिकारियों सहित इंजीनियर को भी धन्यवाद दिया जिनकी कड़ी मेहनत से यह कार्य सम्भव हो पाया है। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष  अशोक गोयल देवराहा एवं राजन तिवारी, उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर सरदार राजा इक़बाल सिंह एवं दक्षिणी दिल्ली के महापौर मुकेश सूर्यान, नेता सदन छैल बिहारी एवं इंद्रजीत सहरावत सहित अन्य निगम के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Facebook Comments