आदेश गुप्ता ने रोहिणी सेक्टर- 9 के नगर निगम स्कूल में बने कोविड आइसोलेशन सेंटर का किया उद्घाटन

नई दिल्ली:  दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आज उत्तरी नगर निगम द्वारा रोहिणी सेक्टर- 9 के नगर निगम के प्राइमरी स्कूल में बनाए गए 50 बेड के आइसोलेशन सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर विधायक एवं पूर्व दिल्ली भाजपा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर जय प्रकाश और उप महापौर रितु गोयल, नगर निगम की एडिश्नल कमिश्नर समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे। आदेश गुप्ता ने पूरे सेंटर का जायजा लिया और डिप्टी मेयर से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।

आदेश गुप्ता ने कहा कि पिछले तीन महीनों से कोरोना काल में भी नगर निगम के कोरोना योद्धा सफाई कर्मचारी लगातार काम कर रहे हैं। अपनी जान की परवाह किए बगैर सैनिटाइजेशन के काम में लगे हुए हैं और कंटेनमेंट जोन में मैपिंग का काम भी कर रहे हैं। नगर निगम बहुत ही मजबूती के साथ कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है। इस कड़ी में अब नगर निगम आइसोलोशन सेंटर तैयार करने में जुट गया है। पहले चरण में उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने 200 बेड तैयार कर लिए हैं। रोहिणी के इस सेंटर में 50 बेड के अलावा 100 बेड बालक राम और 50 बेड हडसन लेन में तैयार हैं। उनका भी जल्द उद्घाटन किया जाएगा।
श्री गुप्ता ने बताया कि रोहिणी के इस सेंटर की सबसे बड़ी विशेषता है यहां लगे सीसीटीवी। परिजनों को अपने मरीज का हालचाल जानने के लिए सेंटर आने की जरूरत नहीं होगी। परिजनों को एक लिंक उपलब्ध कराया जाएगा, जिस पर वह सीसीटीवी की लाइव फीडिंग अपने मोबाइल पर देख सकेंगे। यह अपनी तरह का खास आइसोलेशन सेंटर है।
विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि हमने एलजी को प्रस्ताव दिया था कि नगर निगम के बहुत से संसाधन है, जिनका इस्तेमाल कोरोना से लड़ाई में किया जा सकता है। उसी के तहत नगर निगम के स्कूलों को आइसोलेशन सेंटर बनाया गया है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर कम्यूनिटी सेंटर को भी आइसोलेशन सेंटर में तब्दील किया जा सकता है। उत्तरी नगर निगम के सभी स्कूलों और कम्यूनिटी सेंटरों में 8000 आइसोलेशन बेड की व्यवस्था की जा सकती है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया है कि यह कोई अस्पताल नहीं है यहां सिर्फ कोरोना के उन मरीजों को रखा जाएगा जो कि बिना लक्षण वाले हैं और जिन्हें डॉक्टरों द्वारा होम आइसोलेशन की सलाह दी गई है। इस सेंटर में ऑक्सीमीटर, ऑक्सीजन सिलेंडर व तमाम जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस सेंटर को उत्तरी दिल्ली नगर निगम के हिंदुराव अस्पताल से अटैच किया जाएगा।

Facebook Comments