नई आबकारी नीति को लेना ही केजरीवाल के भ्रष्टाचार का सबूत है: पीयूष गोयल

नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा द्वारा आगामी निगम चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार पूरे जोरों पर है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष  जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में आज पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ लगभग एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में हर घर दस्तक देकर नगर निगम चुनाव में भाजपा के लिए मतदान करने के लिए लोगों से अपील की।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र की झुग्गी बस्ती में कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर दस्तक दी।  इस अवसर पर लोगों का उत्साह देखते बनता था, अनेक जगह झुग्गीवासियों ने नड्डा को तिलक किया और इसे विजय तिलक बताया। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर और मोदी-मोदी के नारों से राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। प्रदेश महामंत्री श्री कुलजीत सिंह चहल एवं पदाधिकारी उपस्थित थे। (आज राष्ट्रीय अध्यक्ष जी द्वारा दिए गए संबोधन का विवरण अलग से भेजा जा चुका है।)

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी बैजयंत जय पांडा, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, हरदीप सिंह पुरी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद सुशील मोदी, मनोज तिवारी, रमेश बिधूड़ी, प्रवेश साहिब सिंह, निशिकांत दुबे, अजय टम्टा, भोला सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा, प्रदेश भाजपा नगर निगम चुनाव के संयोजक आशीष सूद, विधायक नंद किशोर गुर्जर सहित अन्य पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ हर घर दस्तक देकर नगर निगम चुनाव में भाजपा के लिए मतदान करने के लिए अपील की।

पीयूष गोयल ने कहा कि दिल्ली की सरकार अपनी जिम्मेदारियों को निर्वहन करने में पूरी तरह से फेल साबित हुई है और यही कारण है कि भाजपा को दिल्ली की जनता का प्यार और समर्थन मिल रहा है। केजरीवाल और उनके मंत्रियों ने मिलकर भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा को पार किया है और देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी भारत की छवि को धूमिल किया है। नई आबकारी नीति को वापस लेना ही केजरीवाल के भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा सबूत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग आम आदमी पार्टी के झूठे वायदों में पड़ने वाली नहीं है और नगर निगम में एक बार फिर से भाजपा को सेवा का मौका देने का मन बना चुकी है।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कालकाजी में कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हर चीज फ्री करने की बात तो करते हैं लेकिन उसके लिए जब बात पैसों की आती है तो केंद्र सरकार के ऊपर निर्भर हो जाते हैं। दिल्ली सरकार का हर विभाग भ्रष्टाचार में डूबा है और यही केजरीवाल की पहचान बन चुकी है। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली की जनता भी इस बात को समझ चुकी है और खास कर झुग्गी में रहने वालों ने भी मन बना लिया है क्योंकि मुफ्त की राजनीति के चक्कर में उन्होंने पिछले आठ सालों से धोखा खाया है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनता से मिल रहा अपार समर्थन इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि दिल्लीवासी झूठ, अराजकता, तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार पर आधारित केजरीवाल सरकार के विरुद्ध भाजपा को प्रचंड मतों से विजयी बनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जिस तरह से पिछले कई दिनों से केजरीवाल के संरक्षण में चल रहे भ्रष्टाचारों का भंडाफोड़ हो रहा है, उसे देखते ही दिल्लीवासी केजरीवाल की दोहरी नीति को समझ चुके हैं और उसे नाकारने का मन बना चुके हैं।

प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि कल होने वाले जनसंपर्क अभियान में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, गोरखपुर से सांसद रवि किशन आदि वरिष्ठ नेता भी सम्मलित होंगे।

Facebook Comments