बिधूड़ी ने दिल्ली के किसानों की फसल खरीद 2500 रुपए प्रति क्विंटल सुनिश्चित करने की मांग की
Date posted: 27 April 2020
नई दिल्ली: कोरोना वायरस महामारी के कारण उत्पन्न हुए हालात के मद्देनजर दिल्ली के किसानों की फसल की खरीद कम से कम 2500 रुपए प्रति क्विंटल सुनिश्चित करने के आग्रह के साथ दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखा। इस समय दिल्ली के किसानों पर पड़ रही दोहरी मार और आर्थिक मुश्किलों की ओर ध्यान दिलाते हुए बिधूड़ी ने कहा कि संकट के इस समय में किसानों ने दोगुनी मजदूरी चुकाकर बड़ी मुश्किल से अपने गेहूं के फसल की कटाई कराई, लेकिन बेहद अफसोस की बात है कि जब किसान अपना गेहूं लेकर मंडियों में बेचने जा रहे हैं तो कारोबारी केंद्र सरकार द्वारा तय न्यूनतम समर्थन मूल्य तक देने को तैयार नहीं है।
बिधूड़ी ने बताया कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2019-20 के लिए रबी की फसल की एमएसपी 1925 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है लेकिन दिल्ली की नरेला और नजफगढ़ सहित अन्य मंडियों में किसानों से एमएसपी की तय दरों की अपेक्षा सौ रुपए से लेकर पौने दो सौ रुपए तक प्रति क्विंटल कम दर पर अनाज खरीदा जा रहा है। किसानों के सामने कर्ज चुकाने की भी चुनौती है और यदि वे अपना अनाज नहीं बेचेंगे तो कर्ज कैसे चुकाएंगे। दूसरी ओर दिल्ली में अनाज के भंडारण की भी पुख्ता व्यवस्था नहीं है। पिछले दिनों दिल्ली में ओलावृष्टि के कारण भी फसलों की क्षति हुई है जिससे किसानों का भारी नुकसान हुआ है।
श्री बिधूड़ी ने कहा कि पिछले दिनों दिल्ली सरकार ने कहा था कि यहां के किसानों से केंद्र द्वारा तय एमएसपी से अधिक कीमत पर अनाज की खरीद सुनिश्चित करेगी। मेरा दिल्ली के मुख्यमंत्री से आग्रह है किसानों की फसल की खरीद कम से कम 2500 रुपए प्रति क्विंटल सुनिश्चित करें ताकि किसानों के नुकसान की भरपाई हो सके और मंडियों में कारोबारियों द्वारा उनका शोषण न हो।
Facebook Comments