देश में इसरो के सहयोग से आपातकालीन स्वास्थ्य संचालन केन्द्र की शुरूआत करने वाला पहला राज्य बना बिहार: मंगल पाण्डेय

पटना:  बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि देश में इसरो के सहयोग से हेल्थ इमरजेंसी आॅपरेटिंग सेन्टर ( HEOC )  की शुरूआत करने वाला बिहार पहला राज्य बन गया है। उन्होंने बताया कि इस पोर्टल का निर्माण प्रभावित क्षेत्र (EPICENTRE  ) के गाँव को आधार मानकर बनाया गया है। इस पोर्टल पर सभी जिलों के संबंध में जानकारी होगी तथा हर जिले में कोरोना का इपीसेन्टर उस जिले के मैप पर कन्टेनमेंट जोन के अनुसार प्रदर्शित होगा। इस पोर्टल पर कन्टेनमेंट जोन इपीसेन्टर के तीन किलोमीटर के दायरे में होगा तथा बफर जोन सात किलोमीटर के दायरे में होगा।

सरकार कोरोना पाॅजिटिव मरीजों के इपीसेन्टर के कन्टेनमेंट जोन एवं बफर जोन को चिन्हित कर प्रत्येक जोन में आने वाले प्रत्येक गाँव एवं उस गाँव में अवस्थित घरों का स्क्रीनिंग करेगी। श्री पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि नक्शे में कन्टेनमेंट/बफर जोन में गाँव की सूची, संख्या, गाँव में घरों की संख्या एवं उस गाँव की जनसंख्या की विस्तार से जानकारी रहेगी। इस जानकारी से ट्रेसिंग, टेस्टिंग व ट्रैकिंग टीम को रीयल टाईम जानकारी प्राप्त हो सकेगी जिससे जाँच में मदद मिलेगी। इस पोर्टल के माध्यम से कोरोना (COVID -19 ) के उद्भेदन एवं संक्रमण को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। बिहार के प्रभावित जिलों में कुल 37 कन्टेनमेंट जोन बनाया गया है। इन सभी जोन के प्रभारी एक नोडल पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी होंगे जो प्रभावित क्षेत्र की निगरानी करेंगे।

Facebook Comments