भाजपा हमेशा दिव्यांग भाई-बहनों के हितों के लिए उनके साथ खड़ी है: आदेश गुप्ता

नई दिल्ली: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की देश को एक बड़ी देन यह है कि उन्होंने भारतीय राजनीति में से खत्म हो रही इंसानियत को फिर से जिंदा करने का एक महत्वपूर्ण कार्य किया है। प्रदेश भारतीय जनता पार्टी दिव्यांग प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित युवा दिव्यांग जन सम्मेलन में मुख्य आतिथि रहे इंद्रेश कुमार ने कहा कि भारतीय राजनीति में नफरत, भ्रष्टाचार और अपराध बढ़ते जा रहे हैं और इसी कारण इंसानियत कम हो रही थी। नरेन्द्र मोदी ने अपराध, भ्रष्टाचार और नफरत पर लगाम लगाई और आज एक बार फिर से देश और राजनीति में इंसानियत जिंदा है जो कि हिन्दुस्तान की वर्षों पुरानी संस्कृति का अंग है। समारोह का उद्घाटन प्रदेश भाजजा अध्यक्ष  आदेश गुप्ता ने किया और कार्यक्रम का संयोजन प्रदेश भाजपा दिव्यांग प्रकोष्ठ के संयोजक अरुण राय ने किया। कार्यक्रम में दिव्यांगों को बड़ी संख्या में रिक्शा, व्हील चेयर, वैशाखी बांटे गए।

इंद्रेश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विकलांग को दिव्यांग का जो नया नाम दिया है, उसे विश्व भर में अपनाया जाना चाहिए। आज दिव्यांग खुद को बेसहारा नहीं बल्कि खुद को दूसरे का सहारा देने वाला समझते हैं। दूसरे को हमेशा मदद करना और मदद करने वाले को दुआ देना यही इंसानियत है और नरेन्द्र मोदी ने इसी इंसानियत को जिंदा कर दिखाया है।
उन्होंने चीन और पाकिस्तान की भारत विरोधी नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यदि पाकिस्तान कश्मीर के बिना अपने को अधूरा कहे तो हमें भी कहना चाहिए कि कराची और लाहौर के बिना भारत अधूरा है। जनता से चीन की बनी वस्तुओं का इस्तेमाल न करने का सुझाव देते हुए श्री कुमार ने कहा कि भाजपा को दिव्यांगों द्वारा तैयार की जाने वाले सामान की बिक्री के लिए कुछ समूह बनाने चाहिए।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता होने के नाते मुझे गर्व है कि हम दिव्यांग भाई-बहनों के लिए कुछ कर पा रहे हैं। क्योंकि एक समय था जब सरकारें बहुत कुछ वायदें करती थी लेकिन उन वायदों का जमीनी हकीकत कुछ और था लेकिन आज समाज और देश का नजरीया बदला है। भाजपा हमेशा ही दिव्यांग भाई-बहनों के हितों के लिए उनके साथ खड़ी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग किनारे खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते थे, आज वह देश की मुख्यधारा में जोड़कर देश की प्रगति का संवाहक बने हैं। आज प्रधानमंत्री द्वारा दिव्यांगजनों के लिए अनेक योजना चलाना, दिव्यांग भाई-बहनों के लिए अलग से मंत्रालय बनाना, उनके कल्याण और समाज के साथ-साथ उन्हें देश की भी स्वीकृति मिले इसके लिए एक माहौल तैयार करने का काम किया गया है जिससे देश में एक अभुतपूर्व बदलाव हुआ है और लोगों का नजरीया भी बदला है।
आदेश गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिस तरह से दिव्यांग शब्दों को परिभाषित किया है, उससे दिव्यांग भाई-बहनों में एक अलग ऊर्जा का संचार हुआ है और लोग कुछ कर गुजरने का जज्बा रखते हैं। हौसले और मेहनत से लगातार दिव्यांग भाई-बहन का आगे बढ़ना भाजपा ही नहीं बल्कि देश के लिए भी एक अच्छा संकेत हैं और भारतीय जनता पार्टी दिव्यांग प्रकोष्ठ के माध्यम से अपनी विचारधारा को आगे रखकर समाज और देश के नाम को रौशन करने के लिए दिव्यांग भाई-बहनों के लिए हम हमेशा उनके साथ खड़े हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रुप से प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष  सुनील यादव, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल, खेल रत्न सम्मानित महिला पैरा-एथलीट दीपा मलिक, श्रीमती माधुरी हंस, कार्यक्रम की सह-संयोजक डॉ. इंदिरा मिश्रा, संजय चटर्जी, श्रीमती सुमन तोमर, पंचदेव शुक्ला एवं श्री ओजांक शुक्ला सहित अन्य समाजसेवी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

Facebook Comments