100 करोड़ टीकाकरण पूरा होने पर भाजपा ने आयोजित किए धन्यवाद कार्यक्रम

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने देश में 100 करोड़ वैक्सीन लगने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कोटि-कोटि धन्यवाद देते हुए कहा कि भारत के लिए आज एक ऐतिहासिक क्षण है क्योंकि आज पूरी दुनिया में सबसे तेज़ और सबसे बड़े टीकाकरण अभियान के अंतर्गत वैक्सीन लगाए जाने की संख्या 100 करोड़ के पार हो चुका है। उन्होंने उन सभी डॉक्टर्स, पारामेडिकल स्टॉफ, वैज्ञानिक और स्वास्थ्य कर्मियों को भी धन्यवाद दिया जिन्होंने दिन रात एक करके अपने अथक प्रयास से इस अभियान को सफल बनाने का काम किया है।

आज प्रदेश भाजपा द्वारा दिल्ली के सभी 14 जिलों के विभिन्न 36 प्रमुख स्थानों पर पार्टी नेताओं के नेतृत्व में प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद व्यक्त करने के लिए कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आदेश गुप्ता ने आज मजनू का टीला स्थित टीकाकरण केंद्र जाकर दिन-रात जनता की सेवा में तत्पर स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित कर उनका आभार व्यक्त किया श्री गुप्ता ने कहा कि भारत 130 करोड़ आबादी वाला देश है और इस देश में यह सुनिश्चित करना कि सबको मुफ्त वैक्सीन मिले यह अपने आप में बहुत बड़ी बात है।
उन्होंने कहा कि जब भी कोई महामारी आती है तो उसका टीका बनने में समय लगता है, लेकिन इतने कम समय में विपक्ष के सवालों के बीच सारी वैक्सीन तैयार करके अभियान को सफल बनाने का काम नरेन्द्र मोदी सरकार ने करके दिखाया है, जो विपक्ष को एक करारा जवाब है। अब तो जनता के मन में भी यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या विपक्ष सिर्फ सवाल करने के लिए ही है, उसका देश के प्रति दायित्व क्या है?
प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने सांसद प्रवेश साहिब सिंह के निवास स्थान पर 100 करोड़ टीकाकरण की ऐतिहासिक सफलता पर लोगों में 100 किलो लड्डू का वितरण किया। लोगों ने ढोल नगाड़ों के साथ इस उत्सव को मनाया और वहां से गुजरने वाले लोगों को गुप्ता और प्रवेश साहिब सिंह ने लड्डू खिलाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल भी मौजूद थे।
मोदी सरकार द्वारा विश्व के सबसे बड़े मुफ्त टीकाकरण अभियान भारत में चलाया जा रहा है जिसमें आज 100 करोड़ टीका लगने का लक्ष्य पूरा होने के उपलक्ष्य में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य रुप से राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम, नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी, सांसद रमेश बिधूड़ी, प्रदेश भाजपा महामंत्री हर्ष मल्होत्रा, कुलजीत सिंह चहल एवं दिनेश प्रताप सिंह सहित प्रदेश के सभी उपाध्यक्ष, भाजपा विधायक एवं अन्य प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित थे।
प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के सभी मोर्चों के कार्यकर्ता विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम में देश में 100 करोड़ वैक्सीन लगने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि भाजपा के सभी मोर्चों द्वारा अगले दो दिनों तक आम जनता को जागरुक करने का अभियान चलाया जाएंगे कि सभी खुद को टीका लगाकर सुरक्षित कर लें ताकि देश में जल्द से जल्द शत् प्रतिशत टीकाकरण हो सके।

Facebook Comments