दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने नवीन शाहदरा जिले से शुरू किया संगठनात्मक प्रवास

नई दिल्ली:  दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आज से 14 दिनों का संगठनात्मक प्रवास कार्यक्रम शुरू किया। इस क्रम में आदेश गुप्ता ने आज नवीन शाहदरा जिले में संगठनात्मक प्रवास की शुरुआत की। श्री गुप्ता ने नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष को बधाई दी और उन्हें पार्टी के विस्तार के लिए उनकी जिम्मेदारियों का आभास कराया। इस प्रवास के दौरान श्री गुप्ता ने प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और पार्षदों के साथ बैठक ली और पार्टी के विस्तार को लेकर चर्चा की और जिले में चल रहे विकास कार्य से अवगत हुए। श्री गुप्ता ने नवीन शाहदरा जिले के नंदनगरी बस्ती में प्रवास और जलपान किया और कार्यकर्ताओं एवं निवासियों से कोरोना संकट में हुई समस्याओं पर बातचीत की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मास्टर बिनोद कुमार, विधायक जितेंद्र महाजन, पूर्व मेयर हर्ष मल्होत्रा, नेता सदन प्रवेश शर्मा, पूर्व विधायक नरेंद्र गौड़ सहित जिला एवं मंडल के पदाधिकारी उपस्थित थे।

आदेश गुप्ता ने कहा कि संगठन की कोशिश रहती है कि भाजपा पार्टी के हर कार्याकर्ता को आगे आने का मौका दिया जाए। रायशुमारी में इन्हीं बातों का ध्यान रखते हुए जिला अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष को चुना गया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं पर आधारित पार्टी है और उनकी बदौलत ही हम विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन पाए है। कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में देश को ऐसा नेतृत्व मिला है जो पूरे विश्व में सिरमौर हैं। अपनी राजनैतिक इच्छाशक्ति के दम पर विकास की ओर अग्रसर हैं। आज भारत की गिनती अग्रणी देशों में होने लगी है और भारत को विश्वभर में सम्मानजनक नजरिए से देखा जा रहा है।
श्री गुप्ता ने बताया कि जिस समय मैं प्रदेश अध्यक्ष बना एवं अब जो जिला अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष नियुक्त किए है यह सब कोरोना काल के समय में ही हुआ है। यह कहते हुए मुझे बड़ी खुशी हो रही है कि इस दौर में भी कार्यकर्ताओं ने लोगों की मदद की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के आह्वान पर दिल्ली समेत देशभर के कार्यकर्ताओं ने अपने स्वास्थ की चिंता किए बगैर पूरे जोश के साथ लोगों की मदद की। दिल्ली में 1 करोड़ राशन किट और 32 लाख मोदी राशन किट उपलब्ध कराई गई। इस कोरोना काल के समय में सेवा करने में कार्यकर्ताओं ने इतिहास रच दिया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी और अब मेरे साथ मिलकर कार्यकर्ता आज भी लोगों की सेवा में लगे हुए है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय और पार्टी के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बताए रास्तों पर चलते हुए “सेवा ही संगठन है“ के सिद्धांत को बढ़ावा दे रहे हैं। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता भी सेवा करने में पीछे नहीं रहीं। उन्होंने अपने घरों में मास्क बनाकर लोगों के बीच उन्हें बांटा।
श्री गुप्ता ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास“ के उद्देश्य के साथ दिल्ली भाजपा लोगों की समस्याओं से अवगत होकर उसका निदान करने हेतु संकल्पित है। जिस तरह से टीमवर्क के साथ सांसद से लेकर कार्यकर्ताओं तक ने कोरोना संकट के बीच दिल्ली के गरीब-जरूरतमंद लोगों को भोजन, राशन वितरित करने का कार्य किया है उसी तरह आगे भी हम मिलकर दिल्ली के विकास और लोगों के हितों में कार्य करेंगे।

Facebook Comments