भाजपा द्वारा अलग-अलग स्थानों पर राशन किट, भोजन अन्य उपकरणों का वितरण

नई दिल्ली:  प्रदेश भाजपा द्वारा पिछले 39 दिनों से “सेवा ही संगठन“ के अंतर्गत चलाए जा रहे अभियान के तहत  जरूरतमंद और कोरोना पीड़ित मरीजों के परिजनों को उनकी जरूरत का समान उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी के तहत आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने देव नहर करोलबाग सहित कई जगहों पर सूखा राशन, पका भोजन, सेनेटाइजर, स्टीमर, मास्क सहित अन्य उपकरण का वितरण किया।

आदेश गुप्ता ने एम्स, कालकाजी, ग्रेटर कैलाश और बेगमपुर में सूखा राशन वितरण के दौरान कहा कि राशन वितरण के तहत 5 किलो चावल, 5 किलों गेहूं, दाल, चना, सरसो तेल, चीनी, चायपत्ती, मसाले, नहाने और कपड़ा धोने वाला साबुन, हैंड वाश के अलावा एन-95 मास्क लोगों में वितरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों के साथ भाजपा पूरी ताकत के साथ खड़ी है और किसी तरह की समस्या का तुरंत समाधान करने की पूरी कोशिश की जा रही है। इस मौके पर पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राजन तिवारी, प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष योगिता सिंह, पूर्व महापौर योगेंद्र चंदोलिया, जिला अध्यक्ष प्रशांत शर्मा और  राजेश गोयल, जिला उपाध्यक्ष  कमल छिब के अलावा अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में इस वक्त आम जनता आर्थिक संकट से जूझ रही हैं। खासकर दिहाड़ी मजदूर जिनकी मजदूरी खत्म हो गई है, काफी परेशान हैं।  उनके पास रोजगार की समस्या के साथ दो वक्त के भोजन की समस्या आ गई है और केजरीवाल सरकार इसपर ध्यान न देकर अपनी राजनीतिक विस्तार और प्रचार में व्यस्त हैं। प्रदेश भाजपा का यह प्रयास है कि दिल्ली में कोरोना मरीजों के परिजनों को किसी प्रकार की कोई समस्या न हो इसका खास ख्याल रखा जाए। भाजपा जरूरतमंद और गरीब जनता को केजरीवाल सरकार के भरोसे नहीं छोड़ना चाहती। उन्होंने कहा कि सेवा ही संगठन अभियान के तहत जरूरतमंदों की हर स्तर पर मदद करने के लिए यह कदम उठाया गया है जिसके तहत गरीब परिवारों को सूखा राशन देने और फल वितरण की पहल जरूरतमंदों को राहत देने के लिए पार्टी प्रयासरत है।
आदेश गुप्ता ने कहा कि बीते वर्ष महामारी के प्रकोप के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्र सरकार की ओर से जरूरतमंदों को मुफ्त राशन देने की योजना के तहत पूरे 1 वर्ष दिल्ली को राशन मुहैया कराया था, लेकिन दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार की वितरण प्रणाली में बड़ी खामियों के चलते कई लोगों को इसका लाभ नहीं मिल सका था या दिल्ली सरकार द्वारा जानबूझकर जरूरतमंदों को समय पर राशन नहीं पहुंचाया गया।

Facebook Comments