जेपी नड्डा ने वृज क्षेत्र के 65 विधानसभा से जुड़े बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को किया संबोधित

लखनऊ:  भारतीय जनता पार्टी बृज क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को आज रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सम्बोधित किया। एटा के रामलीला ग्राउण्ड सैनिक पड़ाव में वृज क्षेत्र के 65 विधानसभा से जुड़े सभी 28222 बूथ अध्यक्षों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष  स्वतंत्र देव सिंह ने भी संवाद किया।
अगर कांग्रेस, सपा और बसपा होती तो राममंदिर और काशी विश्वनाथ धाम का सपना कभी पूरा नहीं होता। क्या सपा की सरकार के समय अयोध्या में राममंदिर बन पाता। यह जब सत्ता में थे तब कुछ किया नहीं अब कह रहे हैं कि ये तो हम भी करना चाहते थे। देश दुनिया कोरोना प्रबंधन पर केन्द्र और राज्य सरकार की तारीफ कर रही है लेकिन यह कोरोना काल में क्वारंटीन होने वाली पार्टी के नेता दुष्प्रचार करने में जुटे हैं।

एटा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बूथ सम्मेलन में सपा, कांग्रेस और बसपा पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने विकास कार्यों और राहत कार्यों की अनदेखी करने पर इन पार्टियों को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने कहा कि जो समाजवादी पार्टी की सत्ता में व्यापारियों का अपहरण करते थे, गरीबों के अनाज को हड़प जाते थे। वह आज मारे-मारे फिर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस, सपा और बसपा होती तो भव्य राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम का सपना कभी पूरा नहीं हो पाता। हमारी सरकार के कार्यों से आप खुश हैं यही काफी है। बुआ-बबुआ नाउम्मीद हैं उन्हें जनता अब नाउम्मीद ही रहने देगी। इन लोगों के पास जब सत्ता थी तब कुछ किया नहीं अब कह रहे हैं कि ये तो हम भी करना चाहते थे।

उन्होंने कहा कि जब कोरोना महामारी थी तब सभी पार्टियां घरों में दुबकी थी अब जब चुनाव आ रहा है तो चौराहों पर बोली बोलते नजर आ रहे हैं। आज हमारी डबल इंजन की सरकार ने मुफ्त राशन वितरण अभियान की डबल डोज शुरू की है। जिससे प्रदेश के लगभग 15 करोड़ लोग लाभान्वित होंगे। पहले भी राशन की देश में कोई कमी नहीं थी। लेकिन पिछली सरकारों की नीयत खराब थी। यही खाद्यान्न पहले खाद्यान्न माफियाओं के पास चला जाता था। वो गरीबों के राशन को बेच देते थे और गरीब टकटकी लगाए देखता रहता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बहन बेटियों की सुरक्षा की जा रही है, कहीं मेडिकल कालेज बन रहा है, कहीं अस्पताल बन रहा है, कहीं बिजली के सब स्टेशन बन रहे हैं, विकास के बड़े-बड़े कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 18 तारीख को इसी वृज क्षेत्र में प्रधानमंत्री मोदी जी देश के सबसे बड़े गंगा एक्सप्रेस वे की नीवं रखने जा रहे हैं। तब कई नेता कहेंगे यह सपना तो हमने भी देखा था लेकिन बना नहीं पाए। हमारे विकास कार्यों को देखकर कुछ लोगों को विकास को लेकर दौरे पड़ने लगते हैं।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बूथ अध्यक्षों से संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश के चुनाव में न जातिवाद, न वंशवाद, न क्षेत्रवाद और न ही उग्रवाद चलेगा। प्रदेश का चुनाव राष्ट्रवाद पर होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता देश व प्रदेश की मजबूती के लिए एक बार फिर कमल का बटन दबाने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फिर से कमल खिलेगा और फिर गुंडो, माफियाओं व अपराधियों की सम्पत्तियों पर बुलडोजर चलेगा। प्रदेश में योगी सरकार का अर्थ है गरीब की खुशहाली व बेटियों का सम्मान।

श्री सिंह ने कहा फर्क साफ है कि समाजवादी पार्टी सरकार में कांवड़ यात्रियों पर लाठियां चलायीं जाती थी और योगी सरकार में कांवड़ यात्रियों के ऊपर हेलीकाप्टर से पुष्पवर्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि फर्क साफ है कि कोरोना काल में सपा-बसपा व कांग्रेस के लोग घरों में दुबके हुए थे। जबकि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता अपनी जान परवाह किये बैगर जरूरतमंदों तक भोजन, राशन, दवाई पहुंचा रहे थे। श्री सिंह ने कहा कि भाजपा दल है और विपक्ष दलदल है। भाजपा के नेतृत्व पर कोई भ्रष्टाचार का एक आरोप भी नहीं लगा सकता है, यह भाजपा का गौरवशाली इतिहास है। भाजपा देवतुल्य कार्यकर्ताओं का वह दल है जो राष्ट्र की मजबूती के लिए, भारत माता की जय के लिए, वंदे मारतम् के लिए तथा जय श्रीराम के जयघोष के लिए काम करता है।

Facebook Comments