महिला कांग्रेस की कई गणमान्य एवं वरिष्ठ नेता भाजपा में हुए शामिल

नई दिल्ली:  प्रदेश भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष आदेश गुप्ता की उपस्थिति में विपक्षी दलों के कई गणमान्य एवं वरिष्ठ नेता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता भाजपा परिवार में शामिल हुए। महिला कांग्रेस कमिटी की पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व निगम पार्षद गीता शर्मा एवं उनके दल-बल को आदेश गुप्ता ने पटका पहनाकर भाजपा परिवार में शामिल किया।
आदेश गुप्ता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल दूसरे राज्यों में जाकर यह कह रहे हैं कि उन्होंने दिल्ली में कई फ्लाई ओवर बना दिये। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने अपने 7 साल के कार्यकाल में एक भी फ्लाई ओवर नहीं बनाया है। उन्होंने केजरीवाल सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि अगर दिल्ली सरकार ने अपने कार्यकाल में एक भी फ्लाई ओवर बनाया हो तो दिखाए कि उसका उद्घाटन कब और कहाँ किया गया। सच्चाई ये जरूर है कि पहले की सरकारों ने जो फ्लाई ओवर बनाये हैं उसमें पत्थर लगाने का काम अरविंद केजरीवाल की सरकार ने जरूर किया है। इस मौके पर प्रदेश भाजपा महामंत्री हर्ष मल्होत्रा, मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल, प्रदेश भाजपा विधायक ओम प्रकाश शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नकुल भारद्वाज, प्रदेश युवा मोर्चा मंत्री हरीश दीक्षित उपस्थित थे।

गुप्ता ने कहा कि दूसरे राज्यों में मोहल्ला क्लीनिक बनाने का वादा कर रहे केजरीवाल को यह भी बताना चाहिए कि दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक की क्या स्थिति है। आज मोहल्ला क्लीनिक के नाम पर बच्चों में जहर बांटने का काम किया जा रहा है। बड़े-बड़े चुनावी वायदे करने वाले अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में नशा बांटने के अलावा कुछ नहीं किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने जिस तरह से दिल्ली की जनता से किये वायदे को पूरा करने में नाकाम रही है, वह जगजाहिर है। घर-घर पीने के साफ पानी, यमुना की सफ़ाई, सीवर व्यवस्था, दिल्ली को प्रदूषण मुक्त करने, सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को दुरुस्त करने, का अरविंद केजरीवाल वादा भूलकर आज रिहायशी इलाकों, मंदिरों, विद्यालय के बगल में शराब के ठेके खोलने का काम कर रही है। आज यहां भारी संख्या में उपस्थित महिलाएं इस बात का गवाह है कि दिल्ली की 89 लाख महिलाएं नई शराब नीति के खिलाफ है।

गीता शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर आज भाजपा परिवार में शामिल हो रही हूं। मैं यह विश्वास दिलाती हूँ कि मुझे प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसको पूर्ण विश्वास एवं निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करूंगी।

भाजपा में शामिल होने वाले सदस्यों में महिला कांग्रेस कमिटी की उपाध्यक्ष श्रीमती निशा गुप्ता, महिला कांग्रेस कमिटी की अध्यक्ष रचना सरीन, दिल्ली कांग्रेस कमिटी के प्रदेश डेलीगेट मनोज शर्मा, यूथ कांग्रेस कमिटी के जिला महासचिव वीरेश शर्मा एवं ध्रुव गुप्ता, वार्ड अध्यक्ष डीपी सिंह, अग्रवाल समाज के उपाध्यक्ष सुभाष गोयल, ब्राह्मण सभा के उपाध्यक्ष पंडित कृष्ण शर्मा, ब्राह्मण समाज महासचिव पंडित वेदप्रकाश शर्मा एवं अजित नागर सहित अन्य गणमान्य एवं कार्यकर्ता शामिल थे।

Facebook Comments