केजरीवाल के झूठे वायदों के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का प्रचंड प्रदर्शन

नई दिल्ली:  प्रदेश महिला मोर्चा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर झूठे वायदे करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विभिन्न राज्यों में अपने चुनाव अभियान के दौरान वे जनता को जितने वायदे कर रहे हैं उनमें से एक भी वायदा दिल्ली की जनता के लिए पूरा नहीं किया।

प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्षा योगिता सिंह के नेतृत्व में आज यहां मुख्यमंत्री निवास के बाहर दिल्ली को शराब की नगरी बनाने और केजरीवाल के झूठे वायदों की पोल खोलने के लिए महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। योगिता सिंह ने कहा कि केजरीवाल पंजाब और उत्तराखंड में हर महिला को प्रतिमाह एक हज़ार रुपये देने की बात कर रहे हैं। वे पहले उसे दिल्ली में पूरा करें। उन्होंने कहा कि वे पहले बेरोजगारों को भत्ता देने की बात कह चुके हैं लेकिन दिल्ली के हज़ारों बेरोजगार आज भी भत्ते के इंतजार में हैं।
योगिता सिंह ने कहा कि महिला कल्याण और सुरक्षा की बात करने वाले अरविंद केजरीवाल ने वायदा किया था कि वह डीटीसी बसों में सीसीटीवी कैमरा लगवाएंगे, कैमरा तो छोड़िए आज डीटीसी बसों की स्थिति जर्जर हो चुकी है। उनके द्वार महिलाओं की शिक्षा के लिए 500 से ज्यादा विद्यालय-कॉलेज खोले जाने का वायदा भी महज जुमला साबित हुआ। उन्होंने कहा कि आज तो शिक्षा व्यवस्था की स्थिति यह है कि जो शिक्षक पढ़ा रहे हैं, उन्हें वेतन भी देने में नाकाम साबित हुए हैं। यही नहीं महिला सम्मान की बात करने वाले केजरीवाल को जवाब देना चाहिए कि आखिर उनके कैबिनेट में एक भी महिला क्यों नहीं है।
योगिता सिंह ने कहा कि आखिर एक वार्ड में तीन-तीन शराब की दुकानें खोली जाएंगी तो वहां महिला सुरक्षित कैसे हो पाएगी। आज द्वारका में नई शराब की दुकानें खोले जाने पर रोक लगा दी गई है। महिला मोर्चा नई आबकारी नीति के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है और इसका पुरजोर विरोध करेगी। दूसरे राज्यों में महिला सुरक्षा पर सिर्फ बातें करने वाले अरविंद केजरीवाल के ही विधायक को राशनकार्ड के घोटाले में महिलाओं का अपमान करते हुए पाया गया लेकिन उसके उपर कोई कार्रवाई नहीं की गई। दिल्ली की महिलाएं अगर अरविंद केजरीवाल को सत्ता में बैठा सकती है तो उन्हें सत्ता में उतारने का काम भी महिलाएं ही करेंगी।
आज हुए विरोध प्रदर्शन में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जयवीर राणा एवं राजीव बब्बर, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल, प्रदेश मंत्री नीमा भगत, महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री मोनिका पंत, पूर्व प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्षा कवलजीत सहरावत, मोर्चा की जिला अध्यक्षा श्रीमती कुसुम तोमर, सारिका गुप्ता, शोभा शुक्ला, स्मृति सिंह, शिखा माथुर, सुनिता डबास, मोनिका छावड़ा, अनिता जरियाल, मोनिका ठाकुर, दीपिका जैन, ज्योत्सना सोलंकी एवं सुनिता खत्री डबास सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थीं।

Facebook Comments