सुहेलदेव के सपने को मोदी कर रहे हैं साकार: स्वतंत्र देव सिंह

लखनऊ:  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार को कहा कि एक पार्टी के मुखिया भारत के टुकड़े करने वाले जिन्ना की बात करते हैं और हम हिन्दू संस्कृति के रक्षक राजा सुहेलदेव को आदर्श मानते हैं। जो जिन्नावादी हैं उनके संस्कार सालार मसूद गाजी को पूजने का है। हम राजा सुहेलदेव की सीख लेकर आगे बढ़ रहे हैं इसलिए राम को पूजते हैं। श्री सिंह ने यह बातें अम्बेडकर नगर के जलालपुर विधानसभा क्षेत्र के सुरहुरपुर में राष्ट्र रक्षक महाराज सुहेलदेव राजभर जन्मभूमि मुक्त संकल्प महा अभियान कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

मालीपुर थाना क्षेत्र के सुरहूरपुर मे आयोजित जनसभा में उपस्थित लोगों ने महाराजा सुहेलदेव की जय के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का स्वागत किया। जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने पूरे भारत को एक सूत्र में पिरोने का काम किया अपनी संगठन शक्ति के साथ उन्होंने विदेशी आक्रमणकारियों को धूल चटाई थी।

भाजपा सरकार ने महाराजा सुहेलदेव के नाम पर डाक टिकट, ट्रेन और स्मारक बनवाए। महाराजा सुहेलदेव ने भारतीय संस्कृति के सम्मान के लिए जो सपना देखा था वह मोदी जी पूरा कर रहे हैं,खास तौर पर गरीबों के लिए पक्का मकान, शौचालय, फ्री गैस कनेक्शन, फ्री बिजली कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड और प्रधानमंत्री सड़क के रूप में  भाजपा सरकार ने विकास का तोहफा दिया है। इस दौरान काशी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सुहेलदेव और काशी को भी वर्तमान भाजपा सरकार ने भरपूर सम्मान दिया है। आज भाजपा सरकार में गुंडे जेल में है और उनकी अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने का काम योगी सरकार कर रही है। कांवड़ यात्रा निकाल रहे कांवरियों पर हेलीकॉप्टर से फूल वर्षा की जा रही है जबकि अन्य सरकारों में प्रतिबंध था।

उन्होंने कहा कि 2024 तक सभी के सिर पर पक्की छत होगी हर व्यक्ति को पक्के मकान और शौचालय उपलब्ध कराए जाएंगे साथ ही वर्तमान समय में सरकार जरूरतमंदो को तेल, दाल और नमक निःशुल्क खाद्यान्य वितरित कर रही है, डबल राशन देने की व्यवस्था हो रही है।

उन्होंने कहा कि आज कानून का राज है अंबेडकरनगर में रात के 12रू00 बजे घर से निकल कर किसी महिला द्वारा सुरक्षित वातावरण में कहीं बैठकर चाय पी सकती है जबकि पूर्व की सरकारों में ऐसा नहीं था। यह मोदी और योगी का शासन है भ्रष्टाचारियों का नहीं पूरे 5 साल में भ्रष्टाचार का एक भी दाग सरकार पर नहीं लगा है। इसी के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने एक बार फिर से कमल का फूल खिलाने के लिए लोगो से आवाहन किया भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के संबोधन के बाद जिलाध्यक्ष डॉ मिथिलेश त्रिपाठी ने कार्यक्रम के समापन की घोषणा की तथा संयोजक अरविंद पांडे को धन्यवाद ज्ञापित किया।

Facebook Comments