नगर निगम पिछले 7 सालों में डेंगू पर नियंत्रण पाने में कामयाब हुआ है: गुप्ता

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के अंदर डेंगू, चिकनगुनिया और जल से उत्पन्न बिमारियों के रोकथाम के लिए निगम लगातार तत्परता के साथ काम कर रहा है और यह बताना जरुरी भी है कुछ लोग राजनीतिक रोटियां सेंकने में मशगूल गलत तरह की बातें कहकर लोगों के अंदर भ्रम पैदा करते हैं। लेकिन हकीकत ये है कि इन बिमारियों पर निगम रोक लगाने में कामयाब रही है। आज दिल्ली के तीनों महापौरों के साथ हुए संयुक्त प्रेसवार्ता में श्री गुप्ता ने कहा कि साल 2015 और साल 2021 की तुलना की जाए तो साल 2015 में 11886 केस डेंगू के आए थे और फिर निगम अपने अधिकारियों की तत्परता से साल दर साल घटता गया और साल 2021 में अभी तक 1006 केस है।

आदेश गुप्ता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल द्वारा हर रविवार को ‘10 हफ्ते, 10 बजे और 10 मिनट’ वाले विज्ञापन से और घर में लगे गमले में पानी बदलने से डेंगू नहीं भागता क्योंकि अगर ऐसा होता तो इस साल 1000 से ऊपर केस नहीं आते बल्कि इस पर नियंत्रण पाने के लिए पूरे साल अथक प्रयास करना होता है जो कि निगम लगातार कर रही है लेकिन केजरीवाल सरकार को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि आज हम ‘झुग्गी सम्मान यात्रा’ कर रहे हैं, वहां जल जमाव है। पीडब्ल्यूडी, डीएसआईआईडीसी, दिल्ली जलबोर्ड और डीयूएसआईबी जैसी एजेंसियां जो केजरीवाल सरकार के अंदर आती हैं, ये सभी पूरी तरह से फेल हुई है, क्योंकि नालों की सफाई पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है और ना ही पानी की कोई नीकासी है। इसलिए लोग नारकीय जीवन जीने पर मजबूर हैं।
श्री गुप्ता ने कहा कि पार्टी ने तीनों निगमों को निर्देश दिए हैं कि जो फॉगिंग कैम्पेन जिस गति से चलाया जा रहा है, उसमें और तेजी लाकर काम किया जाए ताकि दिल्ली सरकार की नाकामियों की वजह से जो जल जमाव हुआ है और उससे उत्पन्न बिमारियों पर अंकुश लगाया जा सके। यह फॉगिंग कैम्पेन अगले 10 नवंबर तक और तेज गति से चलाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। आज दूसरे राज्यों में चुनाव में व्यस्त आम आदमी पार्टी दिल्ली में अपनी जिम्मेदारियां भूल चुकी है, लेकिन निगम और भाजपा पूरी तत्परता के साथ दिल्लीवालों के हित में काम कर रही है और करती रहेगी। प्रेसवार्ता में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष विरेन्द्र सचदेवा, मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल, दक्षिणी दिल्ली के महापौर मुकेश सूर्यान, पूर्वी दिल्ली के महापौर श्याम सुंदर अग्रवाल और उत्तरी दिल्ली के महापौर सरदार राजा एकबाल सिंह उपस्थित थे।
दक्षिणी दिल्ली के महापौर मुकेश सूर्यान ने कहा कि दक्षिणी दिल्ली के 1120 डीबीसी कर्मचारी, 1300 फिल्ड वर्कर लगातार काम कर रहे हैं। आज दक्षिणी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र के सभी पार्षदों द्वारा प्रतिदिन डीबीसी कर्मचारियों के साथ प्रत्येक वार्डों में मलेरिया और चिकनगुनिया के रोकथाम के कार्यों में अपनी योगदान दे रहे हैं। घरों में फॉगिंग करना, नालों की सफाई करना, कूड़े की ढ़ेर को न लगने देना जैसा काम दक्षिणी दिल्ली नगर निगम लगातार कर रही है।
उत्तरी दिल्ली के महापौर सरदार राजा एकबाल सिंह ने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम में 1397 डीबीसी कर्मचारी है जो दिन रात एक करके लगातार सफाई कार्यों में लगे हुए हैं। स्प्रे मशीन, फॉगिंग और लोगों को जागरुकता के लिए हमने कई तरह के कैंपेन चलाए हुए हैं क्योंकि जनता की सहभागिता के बिना कोई भी लक्ष्य पूरा करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि डेंगू के बढ़ते केसों को देखते हुए हिंदू राव अस्पताल में 120 बेड और कस्तुरबा गांधी अस्पताल में 75 बेडों का प्रबंध हमने अलग से किया है।
पूर्वी दिल्ली के महापौर श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि पूर्वी दिल्ली का एक बड़ा हिस्सा यमुना किनारे का है जिसमें नावों में बैठकर हमारे पार्षद, निगम कर्मचारी और स्वास्थ्य कर्मचारी दवाईयों का छिड़काव करने जाते हैं। 690 डीबीसी कर्मचारियों सहित 2000 लोगों की टीम डेंगू से निजात दिलाने और जल जमाव कही न हो, इसको सुनिश्चित करने के लिए लगी हुई है। नालियों में छिड़काव हो, वाटर टैंक की जांच सहित अन्य सफाई कार्यों में लगे हुए हैं।

Facebook Comments