विपक्ष ने समाज को जाति-धर्म में बांटकर किया नुकसान: स्वतंत्र देव सिंह

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को कहा कि सपा-बसपा-कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों ने सदैव समाज को जाति, धर्म व मत के आधार पर बांटकर उसका नुकसान किया है। इन्होंने समाज में अपने राजनैतिक हितों के लिए जातिवाद का जहर घोला है। उन्होंने कहा कि वंशवाद व परिवारवाद चलाने वाली और जाति धर्म के नाम पर लोंगो को बांटने वाले विपक्षी दल कभी भी समाज का भला नहीं कर सकते।

समाज के कल्याण व हितों के बारे में अगर कोई दल सोचता है या करता तो वह एकमात्र भारतीय जनता पार्टी है। क्योंकि भाजपा जातिवादी नहीं राष्ट्रवादी पार्टी है। जिसके मन मतिष्क में सदैव समाज की अंतिम पंक्ति में खडे़ व्यक्ति के कल्याण, उसके सम्मान व प्रतिष्ठा का भाव रहता है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह गन्ना संस्थान डालीबाग, लखनऊ में सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। सम्मेलन को केन्द्रीय रेल राज्यमंत्री दर्शना जरदोश ने भी सम्बोधित किया। संत शिरोमणि नामदेव जी को नमन करने के साथ प्रारम्भ हुए सम्मेलन को राज्य पिछड़ा आयोग के सदस्य राधेश्याम, प्रदेश उपाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा भरत राजपूत, राज्य सिंचाई कल्याण मंडल मध्य प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष सुनील महेश्वरी, दर्जी समाज के अध्यक्ष डा. भानुमती, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री संजय भाई पटेल तथा रवि रूहेला व अजय रूहेला ने भी सम्मेलन को सम्बोधित किया।

सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता ने देखा है कि सपा व बसपा के कार्यकालो में उनके कार्यकर्ताओं ने किस तरह लूट मचाई हुई थी। गुंडों व माफिया को खुला संरक्षण मिलता था और गरीबों की जमींनो पर कब्जा कर लिया जाता था। ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो इसलिए भाजपा की सरकार पुनः आवश्यक है। 2022 में भाजपा की सरकार बरकरार रहेगी तो कोई दंगा करने का दुस्साहस नहीं कर पाएगा। कोई गुंडा, माफिया किसी गरीब, किसान और व्यापारी की संपत्ति पर कब्जे का दुस्साहस नहीं कर पाएगा। किसी ने ऐसा प्रयास करने का विचार भी किया तो योगी सरकार का बुलडोजर उसके मंसूबों पर चलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व की यूपीए सरकार देश की कीमत पर राजनीति कर रही थी।

यूपीए राज में देश की बाह्य एवं आंतरिक सुरक्षा खतरे में थी। देश की सीमायें सुरक्षित नहीं थी और अलगाववाद चरम पर था। सपा शासन में आतंकियों के मुकदमे वापस होते थे। रामभक्तों पर गोली और आतंकियों की आरती उतारी जाती थी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सौ करोड़ वैक्सीन लगाकर देश को बचाने का काम किया। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।

कोरोना काल में जहां विश्व के तमाम शक्तिशाली देशों की स्वास्थ्य मशीनरी भी गडबडाई और आर्थिक स्थिति भी चरमरायी। उन्होंने कहा कि पूरा विश्व असहाय था लेकिन मोदी जी के दूरदर्शी निर्णयों से देश ने कोरोना को भी परास्त किया और देश की आर्थिक स्थिति भी विकास के पथ पर बढ़ती रही। उन्होंने कहा कि आज देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। श्री सिंह ने कहा कि आज योगी सरकार में बहन-बेटियां रात के 12 बजे भी घर से निकल सकती हैं और सुरक्षित वापस आती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आवाह्न किया कि वे सभी प्रतिदिन दस लोगों को अपने व्यवहार से पार्टी के साथ जोडें़। भाजपा के नेतृत्व में ही सभी का साथ है और सभी का विकास है।

केन्द्रीय रेल राज्यमंत्री दर्शना जरदोश ने सम्मेलन को सम्बोधित करते कहा कि उत्तर प्रदेश राम और कृष्ण की भूमि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंन्द्र सरकार में शोषित, वंचित, अनुसूचित आदि सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देकर सबके साथ से सबके विकास की परिकल्पना को मूर्तरूप देने का काम किया, जिससे सबके प्रयास से सबका विकास सुनिश्चित करते हुए देश आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 की समाप्ति के साथ ही कश्मीर सही अर्थों में भारत का अभिन्न अंग बना। इस निर्णय ने नए इतिहास को लिखने का काम किया। उन्होंने कहा कि संकल्प से सिद्धि की यात्रा में सौ करोड़ वैक्सीन लगाकर देश ने पूरे विश्व को अचंभित किया है। विपक्ष देश के विकास में रोडे़ अटकाता रहा लेकिन मोदी जी ने देश की क्षमताओं पर विश्वास करते हुए अपने वैज्ञानिकों, कोरोना वारियर्स व फ्रन्टलाइन वर्कर्स पर विश्वास किया और देश वैश्विक महामारी से बच गया।

जरदोश ने कहा कि उत्तर प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाने के लिए आप सभी को परिश्रम करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा के जीतने से भारत की संस्कृति जीतेगी, मां, बहन, बेटियों का सम्मान जीतेगा, गुंडे अपराधी और माफियाओं के हौसले पस्त होगें और योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश राम राज्य की ओर बढ़ता रहेगा।

Facebook Comments