यूपी में इस वर्ष पिछले वर्ष की अपेक्षा 10.26 लाख मी.टन अधिक हुई धान की खरीद

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने इस वर्ष 66.83 लाख मीट्रिक टन की रिकार्ड धान की खरीद की है, जोकि अब तक की प्रदेश में सर्वाधिक धान खरीद है। धान खरीद में कुल 1305802 किसानों को लाभाविन्त किया गया और 11728.83 करोड़ का भुगतान किसानों के बैंक खाते में पी0एफ0एम0एस0 मे माध्यम से प्रेषित किया गया है। इस वर्ष गतवर्ष की अपेक्षा 10.26 लाख मी0टन की अधिक धान की खरीद की गयी है और गत वर्ष की अपेक्षा 599253 अधिक किसानों को लाभाविन्त किया गया है।
यह जानकारी प्रदेश के खाद्य आयुक्त मनीष चौहान ने आज यहां देते हुए बताया कि  खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में मूल्य समर्थन योजना के तहत समर्थन मूल्य धान कामन रू0-1868 व धान ग्रेड-ए रू0-1888 प्रति कुं0 निर्धारित किया गया था। धान क्रय हेतु प्रदेश में खाद्य विभाग व विभिन्न क्रय एजेंसियों द्वारा कुल 4453 क्रय केन्द्र स्थापित किये गये। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 01 अक्टूबर, 2020 से खरीद प्रारम्भ की गयी थी तथा 28 फरवरी, 2021 तक जारी रही।

चौहान ने बताया कि खाद्य विभाग ने 28.39 लाख मी0टन, पी0सी0एफ0 ने 16.18 लाख मी0टन, पी0सी0यू0 ने 9.81 लाख मी0टन, नैफेड ने 2.78 लाख मी0टन, एन0सी0सी0एफ0 ने 2.16 लाख मी0टन, यू0पी0 एग्रो ने 8.88 लाख मी0टन, एस0एफ0सी0 ने 1.73 लाख मी0टन, यू0पी0एस0एस0 ने 1.50 लाख मी0टन, मण्डी परिषद ने 1.28 लाख मी0टन तथा भा0खा0नि0 द्वारा 1.10 लाख मी0टन धान की खरीद की गयी है।

Facebook Comments