ग्राहकों को आकर्षित के लिए मार्किट के पास की पार्किंग में तीन महीने तक शुल्क नहीं लिया जाएगा: गुप्ता

नई दिल्ली:  दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने अजमल खां रोड के व्यापारियों से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने उनके समक्ष कुछ मांगे भी रखीं। व्यापारियों द्वारा खरीदारों मार्र्किेट पहुंचने में हो रही समस्या को ध्यान में रखते हुए रोड को दोबारा मोटरेबल करने और मार्केट के पास बनी नगर निगम की पार्किंग को तीन महीने के लिए निशुल्क करने की मांग रखी गई। इस पर आदेश गुप्ता जी ने उनकी मांग को जल्द से जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।

आदेश गुप्ता का कहना है कि नगर निगम द्वारा जब इस रोड को नॉन मोटरेबल किया गया था उस समय इसका उद्देश्य यह था कि इस रोड की खूबसूरती बनी रहे और पैदल चलने वालों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कई बार ऐसा होता कि जो चीज हम अच्छाई के लिए करते हैं वह तकलीफ का भी कारण बन जाती है। उन्होंने कहा कि जब कोई काम निगम करें या सरकार वह सहूलियत के लिए होना चाहिए। दोनों पक्षों को यानी खरीदारों को भी सहूलियत हो और व्यापारियों को भी सहूलियत हो। अगर खरीदारों को ही आने में दिक्कत हो रही है तो इसका असर व्यापारियों पर भी पड़ेगा।
श्री गुप्ता ने कहा कि कुछ दिन पहले ही व्यापारियों ने मुलाकात की थी, जिसके बाद उन्होंने निगम के अधिकारियों और उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर जयप्रकाश सिंह से भी इस बारे में बातचीत की। उन्होंने व्यापारियों को आश्वसत किया है कि जल्द ही अजमल खां रोड को मोटरेबल कर दिया जाएगा, और तीन महीने के लिए पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाएगा, जिससे कि व्यापारियों और खरीदारों को सहूलियत हो सके। साथ ही उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से ही व्यापारियों के समर्थन में उनके साथ खड़ी है। उनकी दुख तकलीफ व मांग पर पार्टी कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

Facebook Comments