स्वच्छ भारत अभियान को पूरा करने के लिए पार्टी पूरी तरह संकल्पित: आदेश गुप्ता

नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू किए गए सेवा और समर्पण अभियान के तहत प्रदेश भाजपा एक विशेष अभियान चलाकर 6 अक्टूबर को यमुना की सफाई कार्यक्रम का आयोजन करेगी। यह कार्यक्रम 71 जगहों पर आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आयु के 71 वर्ष पूरे होने पर शुरू किए गए इस विशेष अभियान में प्रत्येक स्थानों पर प्रदेश के एक मुख्य पदाधिकारी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता श्रमदान करेंगे।

यमुना किनारे फैली गंदगी की सफाई के लिए हर स्थान के लिए एक पालक चुने गए हैं जिनके नेतृत्व में नियमित रूप से यमुना तट की सफाई की जाएगी। इस अभियान के लिए नगर निगमों द्वारा जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जो स्वच्छ भारत अभियान है उसको चरितार्थ करने के लिए प्रदेश भाजपा पूरी तरह से संकल्पित है।
कार्यक्रम के संयोजक और प्रदेश भाजपा के महामंत्री कुलजीत सिंह चहल एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील यादव ने बताया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में होने वाले इस विशेष सफाई अभियान में प्रदेश के सभी पदाधिकारी, दिल्ली के सभी सांसद एवं भाजपा विधायक सहित हज़ारों कार्यकर्ता शामिल होंगे।
कल होने वाले सफाई अभियान में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद मीनाक्षी लेखी, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. हर्षवर्धन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी, सांसद रमेश बिधूड़ी, सांसद प्रवेश साहिब सिंह, सांसद हंसराज हंस, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक विजेन्द्र गुप्ता, प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा एवं दिनेश प्रताप सिंह सहित पार्टी के अन्य प्रदेश पदाधिकारी भी उपस्थित होंगे।

Facebook Comments