पुलिस पर युवती का लगाया रिश्वत मांगने का आरोप

ग्रेटर नोएडा: रोजा जलालपुर गांव में दंपति के बीच हुए विवाद में दोनों के परिजन आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लिया। इस मामले में पति से झगड़ा करने वाली महिला ने बिसरख पुलिस पर एक आरोपी को छोड़ने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि महिला ने दबाव बनाने के लिए आरोप लगाया है।

बिसरख कोतवाली प्रभारी उमेश बहादुर सिंह ने बताया रोजा जलालपुर गांव निवासी दंपति के बीच काफी दिन से विवाद चल रहा है। रविवार की शाम महिला के ससुराल पक्ष के लोग उसके घर पहुंच गए। इस बीच ससुराल और मायके पक्ष के लोगों के बीच मारपीट हुई। झगड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छह लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। महिला ने पुलिस हिरासत में लिए गए अपने बहनोई को छुड़ाने का दबाव बनाया जबकि पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की। इनमें एक पक्ष के तीन सगे भाई अनमोल, विशाल और विकास जबकि दूसरे पक्ष के दो सगे भाई अंकुश, आकाश और अनिल के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस मामले में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला ने पुलिस पर 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। एसीपी योगेंद्र सिंह का कहना है कि महिला पुलिस पर अपने मायके पक्ष के लोगों को छोड़ने का दबाव बना रही थी। इसके चलते उसने पुलिस पर बेबुनियादी आरोप लगाकर वीडियो बनाकर शेयर किया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की है।

Facebook Comments