प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का गरीब कल्याण अन्न योजना के विस्तार के लिए आभार: स्वतंत्र देव सिंह
Date posted: 30 June 2020
लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ का नवम्बर तक विस्तार करने के लिए आभार जताया। श्री सिंह ने कहा कि संकट की इस घड़ी में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा गरीब भाई-बहनों के सशक्तीकरण के दिशा में निरंतर कदम उठाये जा रहे है। देश के अस्सी करोड़ गरीबों की चिन्ता करते हुए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत नवम्बर माह तक प्रति व्यक्ति 5 किलो गेहूॅ या चावल निःशुल्क देने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा घोषित इस गरीब कल्याण पैकेज का सर्वाधिक लाभार्थी उत्तर प्रदेश होगा।
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में समय पर लिए गये सही निर्णयों की प्रशंसा पूरा विश्व कर रहा है। मोदी जी ने महामारी के दौर में गरीब, किसान, महिलाओ की चिन्ता करते हुए सभी के लिए खाद्यान्न सहित आर्थिक व्यवस्था भी की। जहां 20 करोड़ महिलाओं के जनधन खाते में 500 रूपये तीन माह तक पहुंचाने का काम किया। वहीं 9 करोड़ किसानों के खाते में भी पैसा पहुंचाया गया। उज्जवला योजना के अन्तर्गत गैस कनेक्शन धारक माताओं-बहनों को तीन माह तक निःशुल्क गैस सिलेन्डर उपलब्ध कराया गया और अब जबकि 80 करोड़ लोगों को तीन माह तक निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया गया, जिसे अब नवम्बर माह तक के लिए बढ़ाकर मोदी सरकार ने गांव, गरीब, किसान की चिन्ता की है।
श्री सिंह ने कहा कि संवेदनशील सरकार के निर्णय संवेदनशील होते है, जो गांव, गरीब, किसान की उन्नति और खुशहाली के लिए सरकार की नीतियों को केन्द्रित करते है। श्री सिंह ने कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ते हुए हम सभी को दो गज की दूरी के नियम का पालन करना है, मास्क पहनना है, बार-बार हाथ धोने को आदत में लाना है। तभी कोरोना हारेगा और भारत जीतेगा।
Facebook Comments