नारी का सम्मान ही राष्ट्र का सम्मान है: योगिता सिंह

नई दिल्ली:  दिल्ली प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष योगिता सिंह के नेतृत्व में आज प्रदेश महिला मोर्चा की तरफ से कांग्रेस नेता द्वारा एक बार फिर महिलाओं के बारे में अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने के खिलाफ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता के आवाहन पर कांग्रेस मुख्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में भाजपा ने कांग्रेस नेता मुदित अग्रवाल की सोनिया गांधी से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि महिला सम्मान राष्ट्र का सम्मान है और कांग्रेस पार्टी हमेशा से इसके विरोध में ही बोलती रही है।

आदेश गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस की महिलाओं के खिलाफ बोलने की यह बहुत पुरानी नीति रही है। देश के सबसे बड़े पद पर और भारत के सबसे प्रसिद्ध नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माता जी के बारे में अपशब्द बोलना किसी भी तरह से क्षमा प्रार्थी नहीं है। उन्हें पार्टी से तुरंत बर्खास्त कर देना चाहिए। कांग्रेस नेता पहले भी महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देते रहे हैं, लेकिन शर्म तो तब आती है जब इस पार्टी की मुखिया खुद एक महिला होने के बावजूद कार्रवाई करने की जग़ह चुपचाप तमाशबीन बैठी देखती रहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता के इस रवैये को भाजपा बर्दाश्त नहीं करने वाली।
योगिता सिंह ने कहा कि एक राष्ट्रीय टेलीविजन पर बैठकर कांग्रेस प्रवक्ता मुदित अग्रवाल अगर ’मां’ जैसे पवित्र शब्द को उछालने का प्रयास करते हैं तो वह सिर्फ अपनी ही नहीं बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी की रवैये को बखूबी बयां कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा ने कांग्रेस पार्टी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और कांग्रेस के महिला विरोधी बयान के खिलाफ नारेबाजी की। महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के माताजी के खिलाफ अपशब्द बोलने पर कड़ी आपत्ति जाहिर की।
इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री एवं कार्यक्रम के संयोजक हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल एवं दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल, प्रदेश महिला मोर्चा महामंत्री टीना शर्मा एवं मोनिका पंत सहित महिला मोर्चा की हज़ारों कार्यकर्ताएं शामिल हुई।

Facebook Comments