समाजवादी पार्टी का मतलब ही गुंडाराज और भ्रष्टाचार है: धर्मेंद्र प्रधान

लखनऊ:  भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को अपने बयान में समाजवादी पार्टी को आतंक, गुंडाराज, दंगाराज का पर्याय बताया। उन्होंने सहारनपुर दंगों में आरोपी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने वाले कांग्रेस नेता इमरान मसूद के  समाजवादी पार्टी में शामिल किए जाने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली समाजवादी पार्टी का असली चरित्र सामने आ गया है।
उन्होंने अपने बयान में कहा कि उत्तरप्रदेश में आतंक, गुंडाराज, दंगाराज की पर्याय बनी समाजवादी पार्टी सत्ता पाने के लिए बोटी-बोटी करने वालों का भी सपा में स्वागत कर रही है। ‘माफ़ियाओं के मुखिया’ जान लें, नहीं आ रहे आप बाईस में, कोशिश कर के देखें सत्ताईस में।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का मतलब ही गुंडाराज और भ्रष्टाचार है। समाजवादी पार्टी द्वारा इमरान मसूद जैसे लोगों को शामिल किया जाना ऐसे ही लोगों को एकजुट करना है जो समाज और उत्तर प्रदेश के दुश्मन हैं। ये प्रदेश के विकास और शांति व्यवस्था के लिए बड़े ब्रेकर हैं। ये कुछ भी करके सत्ता में आने की फिराक में हैं लेकिन प्रदेश की जनता इन्हें सत्ता से दूर रखने का मन बना चुकी है।

Facebook Comments