“कोरोना योद्धाओं के खिलाफ कुछ खास वर्ग को भड़काने में लगे राजनीतिक दल के लोग शर्म करें: डॉ. निखिल आनंद

पटना: भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी एवं विधान परिषद् सदस्य डॉo संजय मयुख और बिहार भाजपा प्रवक्ता डॉo निखिल आनंद ने कहा है कि बिहार में कोरोना योद्धाओं के खिलाफ कई जगहों से मारपीट, घमकाने और भगाने की खबरें आ रही है इसकी जितनी निंदा की जाय कम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वास्थ्यकर्मियों के लिए जो ऐतिहासिक अध्यादेश लाया गया है उसके बाद ऐसे तत्वों को निश्चित तौर पर बख्शा नहीं जायगा। लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि कई राजनीतिक दलों से जुड़े लोग कोरोना योद्धाओं मसलन स्वास्थ्यकर्मियों एवं पुलिस- प्रशासन के खिलाफ प्रत्यक्ष- अप्रत्यक्ष तौर पर कुछ खास वर्ग को भड़काने में लगे हैं जो शर्मनाक है।

डॉ. संजय मयुख और डॉ. निखिल आनंद ने कहा कि कोरोना की इस गंभीर त्रासदी के वक्त में स्वास्थ्यकर्मियों एवं पुलिस-प्रशासन पर हमला कतई बर्दाश्त नहीं किया जायगा। केंद्रीय अध्यादेश के बाद स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ ऐसी घटनाएं संगीन जुर्म हैं और ऐसा करने वाले बचेंगे नहीं। लेकिन जब राष्ट्र, समाज एवं मानवता के लिए एकजुट होकर काम करने का वक्त है यह वाकई घटिया हरकत है कि कुछ राजनीतिक लोग अपनी राजनीति की रोटी सेंकने के लिए सबकी बलि चढ़ाना चाहते हैं। यह दुखद है कि कोरोना सेनानियों के साथ बदतमीजी, अहसयोग करने वाले और उनसे मारपीट, हमला करने वाली ऐसी तमाम घटनाओं के पीछे कुछ राजनीतिक दल भी हैं। ऐसे संकटकाल में ये तथाकथित राजनीतिक दल और उनके नेता शर्म करें और बाज आयें।

संजय मयुख और निखिल आनंद ने देशभर में और बिहार में कोरोना त्रासदी की तमाम चुनौतियों के बीच काम करने वाले सभी डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, नर्सिंग स्टाफ, लैब टेक्निशियन और स्वास्थ्य सहायकों की प्रशंसा की है और उन्हें कोरोना के खिलाफ लड़ने वाला राष्ट्र- योद्धा एवं क्रांतिकारी- सेनानी कहकर सैल्यूट और नमन किया।

Facebook Comments