स्वतंत्र देव सिंह ने युवा मोर्चा को दिया निर्देश-आसपास कोई गरीब-जरूरतमंद भूखा न सोए

लखनऊ:  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने युवा मोर्चा के पदाधिकारियों से कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण वैश्विक आपदा के समय युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को मानवता की सेवा में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का आवाहन किया कि वे कोरोना संक्रमण के खिलाफ चल रही लड़ाई में अपनी भूमिका का निर्वाहन करते हुए लोगों को इस महामारी से बचाने में तो सहयोग करें की साथ ही वे हर गरीब व जरूरतमंद की सहायता के लिए खड़े हो।

उन्होंने युवा मोर्चा द्वारा प्रदेश में चलाये जा रहे सेवाकार्यों की सराहना करते हुए कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को सोशल डिस्टेंन्सिंग व लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए इस बात का प्रयास करना चाहिए कि उनके आसपास कोई गरीब-जरूरतमंद भूखा न सोए। साथ ही वरिष्ठजनों-बुजुर्गों निशक्तों व असहायों का विशेष रूप से ध्यान रखते हुए उनकी आवश्यकतानुसार भोजन राशन स्वास्थ्य सुविधाएं व अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराने का कार्य युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को करना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आज युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद स्थापित कर युवा मोर्चा द्वारा प्रदेश में कोरोना संक्रमण की आपदा के समय चलाये जा रहे सेवाकार्यों/अभियानों की समीक्षा की।

युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंश ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से युवा मोर्चा द्वारा चलाये जा रहे सेवाकार्यों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में अलग-अलग जिलों में लॉकडाउन के कारण अकेले रह रहे छात्र-छात्राओं/युवाओं की सहायता के लिए विशेष छात्र सहायता अभियान युवा मोर्चा द्वारा चलाया जा रहा है अभियान के अंतर्गत ऐसे छात्र-छात्राओं/युवाओं को उनकी आवश्यकतानुसार युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भोजन, राशन व अन्य जरूरी वस्तुएं उपलब्ध करा रहे है।

यदुवंश ने बताया कि पूरे प्रदेश में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने योजनापूर्वक कार्य करते हुए लगभग 1 लाख से अधिक लोगों के मोबाईल में आरोग्य सेतु एप इंस्टॉल कराया है जबकि पी.एम. केयर फण्ड में 1 करोड़ रू. से अधिक की धनराशि का सहयोग युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के प्रयासों द्वारा किया गया है। पार्टी द्वारा गरीबों-जरूरतमंदो को भोजन व राशन उपलब्ध कराने के लिए चलाये जा रहे #FeedtheNeedy अभियान के अंतर्गत युवा मोर्चा के कार्यकर्ता 155 स्थानों पर कम्युनिटी किचन संचालित कर रहे है और अभी तक लगभग 10 लाख से अधिक लोगों को भोजन/राशन उपलब्ध कराने का कार्य युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा किया जा चुका है।

Facebook Comments