सिद्धार्थन ने पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की ई-बुक का किया लोकार्पण
Date posted: 30 September 2020
नई दिल्ली: कड़कड़डूमा में आयोजित कार्यक्रम में आज दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से और सांसद गौतम गंभीर, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कोरोना संकट के समय “सेवा ही संगठन“ मंत्र के साथ पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए सेवा कार्यों से संकलित ई-बुक का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर विधायक व प्रदेश उपाध्यक्ष अभय वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ मोनिका पंत, विधायक ओम प्रकाश शर्मा, अनिल बाजपेई, प्रदेश प्रवक्ता टीना शर्मा, प्रदेश मंत्री गुंजन नरूला, पूर्वी दिल्ली नगर निगम महापौर निर्मल जैन, मयूर विहार जिला अध्यक्ष विनोद बछेती, शाहदरा जिलाध्यक्ष राम किशोर शर्मा, ई-बुक कार्यक्रम संयोजन के सह प्रभारी हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश कोषाध्यक्ष विष्णु मित्तल, प्रदेश सोशल मीडिया व आईटी प्रमुख पुनीत अग्रवाल सहित जिला व मंडल के पदाधिकारी निगम पार्षद एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं ने कोरोना संकट के समय दिल्ली में गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा कर जो उत्कृष्ट कार्य किया है वह बेहद ही सराहनीय है। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के आह्वान पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिना किसी देरी के सेवा कार्यक्रमों को प्रारंभ किया जिसका परिणाम है कि दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक करोड़ से ज्यादा फूड पैकेट, 32 लाख से ज्यादा राशन किट, मास्क, सैनिटाइजर, काढ़े के पैकेट का वितरण किया। मास्क की कमी होने पर महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने अपने घरों में मास्क की सिलाई की। दिल्ली सरकार की नाकामी के कारण प्रवासी मजदूर दिल्ली छोड़ कर जा रहे थे तब भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें हर संभव सहायता पहुंचाई। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने अंत्योदय का सिद्धांत दिया था उस समय भाजपा सत्ता में नहीं थी लेकिन आज भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उनके सिद्धांत को धरातल पर सिद्ध किया है और समाज के हर वर्ग के गरीब, जरूरतमंद और वंचित लोगों की मदद करने का काम किया है।
कृषि बिलों पर विशेष प्रकाश डालते हुए गुप्ता ने कहा कि कुछ दिनों पहले ही संसद के दोनों सदनों से कृषि विधेयक पास हुए हैं, जिसे लेकर विरोधी दल झूठे एवं भ्रामक प्रचार कर रहे हैं और किसानों के नाम पर ओछी राजनीति कर रहे। ऐसे समय में भाजपा कार्यकर्ताओं का यह दायित्व है कि इससे पूर्व मोदी सरकार द्वारा किसानों के हित में किए गए कार्य जैसे किसान सम्मान निधि योजना, सॉइल हेल्थ कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा योजना इत्यादि योजनाओं सहित वर्तमान में हुए कृषि सुधारों से लोगों को अवगत कराएं।
आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि हमें मिलकर आम आदमी पार्टी के सांसद द्वारा संसद में किए गए शर्मनाक कार्य को बेनकाब करने की जरूरत है। जो आम आदमी पार्टी सरकार देश के किसानों के हितों की बातें कर रही है और कृषि बिलों का विरोध कर रही है, वही आम आदमी पार्टी की सरकार पिछले 6 सालों से दिल्ली के किसानों को कोई भी सुविधा नहीं दे रही है। यहां तक कि दिल्ली में किसानों को किसान का दर्जा नहीं दिया गया, उन्हें किसी प्रकार की सब्सिडी नहीं दी जाती है। हमें जनता को इसी सच्चाई से रूबरू करवाना है।
सांसद गौतम गंभीर ने कहा कि हमें बहुत गर्व है कि हमारे पास ऐसे संगठन मंत्री श्री सिद्धार्थन जी हैं जिन्होंने पिछले 6 महीनों में प्रतिदिन जनता के बीच में जाकर उनकी सेवा की है और भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि असली देशभक्ति लोगों की सेवा करना ही है। कोरोना संकट के दौरान हमने आस-पास बहुत नकारात्मकता देखी है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपना मनोबल कमजोर नहीं पड़ने दिया और सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखा। हमें मिलकर भारतीय जनता पार्टी के विचारों और भावनाओं को जनता के बीच में लेकर जाना है।
प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कहा कि ई-बुक में संकलित भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के सेवा कार्यो को आने वाले 50 सालों तक जो कार्यकर्ता दिल्ली भाजपा से जुड़ेंगे वह इसे देख सकेंगे और इससे प्रेरणा ले सकेंगे। भाजपा के गठन के शुरुआत से ही कार्यकर्ताओं में सेवा ही संगठन का भाव रहा है। राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ता होने के बाद भी हमारे मन में एक भाव होता है कि हम समाज की सेवा करने के लिए आए हैं और यही हमारे लिए प्राथमिकता है। कोरोना संकट के समय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसी सेवा भाव को धरातल पर साकार किया है और बिना किसी भेदभाव के दिल्ली के गरीब व जरूरतमंद लोगों की सेवा की है।
Facebook Comments