क्रांतिकारियों के संघर्ष और समर्पण का देश हमेशा ऋणी रहेगा: आदेश गुप्ता

नई दिल्ली:  केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि आज हम अगर अपने कर्मों से देश की सेवा करते हैं, तो यह सच्ची श्रद्धांजलि होगी उन सभी शहीद वीर सपूतों को जो देश के लिए अपनी जान की भी बाजी लगा दी। शहीदी दिवस के अवसर पर गौरी शंकर मंदिर से फतेहपुरी मस्जिद होते हुए टाउन हॉल चांदनी चौक तक निकाली गई प्रभात फेरी में आज लेखी ने कहा कि देश के वीर जवानों के लिए कुछ करना हो तो वह कोई भी काम हो सकता है जो देशहित में हो, चाहे वह देश के बारे में गलत बोलने वालों को चुप कराने का काम हो या फिर भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण का काम हो।

मीनाक्षी लेखी ने कहा कि जब युवा अवस्था में भगत सिंह ने देश के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया तो उस वक्त उन्होंने कहा था कि इंकलाब कभी बम-बन्दूकों से नहीं आता है बल्कि वह हमारे विचारों से आता है। इसलिए आप अपने विचारों को बदलें। उन्होंने कहा कि आज हम ऐसा कर्तव्य करें ताकि देश हमें हमारे कामों के लिए याद रखें।

आज शहीदी दिवस में निकाली गई प्रभात फेरी में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, गांधी स्मृति के उपाध्यक्ष विजय गोयल, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन, प्रदेश महामंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गोयल देवराहा एवं प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल सहित अन्य प्रदेश पदाधिकारी एवं हज़ारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी मौजूद थे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने सभी को शहीदी दिवस पर वीर सपूतों को श्रद्धांजली देते हुए कहा कि देश के लिए अपने जीवन का बलिदान देने वाले वीर भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरु जैसे महान क्रांतिकारियों का यह देश हमेशा से ऋणी रहेगा। ऐसे वीर बलिदानी हम सबको माँ भारती की सेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि भगत सिंह द्वारा कही गई बात कि आदमी को मारा जा सकता है लेकिन उसके विचारों को नहीं, आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत है।

श्री गुप्ता ने कहा कि आज सिर्फ भाजपा द्वारा ही नहीं बल्कि भारत सरकार के सांस्कृतिक मंत्रालय द्वारा देश के सभी हिस्सों में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई है। आज का दिन उन सभी वीर सपूतों को याद कर नमन करने का है जिन्होंने बिना कुछ सोचे समझे अपने प्राणों की आहुति दे दी। उन्होंने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव ऐसे क्रांतिकारी थे जिनके विचार और व्यक्तित्व आज भी युवाओं को प्रेरणा देते हैं। उनके संघर्ष और समर्पण की कहानी देश को हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।

Facebook Comments