योगी और स्वतंत्र देव ने देवरिया व मल्हनी में किया चुनावी जनसभा को सम्बोधित

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आज संयुक्त रूप से देवरिया व मल्हनी विधानसभा के उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी व मनोज सिंह के पक्ष में आयोजित जनसभाओं को सम्बोधित किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि माफियाओं से खाली कराई जा रही जमीनों पर प्रदेश सरकार गरीबों के लिए घर बनाएगी। । शनिवार को देवरिया और मल्हनी विधान सभा क्षेत्र की जनसभा के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा और बसपा पर जम कर हमला बोला उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रदेश में दंगे और अराजकता कराने के लिए गुंडों की नई श्रृंखला तैयार कर रही है, लेकिन भाजपा की सरकार में ऐसा संभव नहीं है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि दंगे की साजिश रचने वालों को जेल भेजेंगे। गुंडों और दंगाइयों के लिए उत्तर प्रदेश में कोई जगह नहीं है। लव जेहाद पर भी चेतावनी देते हुए कहा कि लव जेहाद किसी भी तरह प्रदेश में नहीं चलने देंगे। लव जेहाद पर सरकार बहुत सख्ती करने जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध तरीके से जुटाई गई माफियाओं की हर संपत्ति सरकार जब्त करेगी। व्यापारियों और उद्यमियों की जिन जमीनों पर पिछली सरकारों के समर्थन से गुंडों ने कब्जा कर लिया था उसे मुक्त कराने के बाद व्यापारियों, उद्यमियों को वापस किया जाएगा। गुंडों के कब्जे से मुक्त कराई जा रही शेष जमीनों पर सरकार उन गरीबों के लिए आवास बनाएगी,जिनके पास रहने के लिए घर नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में जातिवाद और वंशवाद की राजनीति को खत्म कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को विकास की जमीन से जोड़ा है। हमारे लिए पूरा देश एक परिवार है। सपा-बसपा और कांग्रेस के लिए परिवार ही देश और समाज है। वहीं हमने सरकार की योजनाओं का लाभ देश के गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं तक पहुंचाने का काम किया, लेकिन तुष्टिकरण नहीं किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सेवा हमारे लिए राजनीति का विषय नहीं है। गरीबों को रसोई गैस कनेक्शन और बिजली कनेक्शन समेत तमाम योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। हमने 30 लाख लोगों को अलग अलग क्षेत्रों में रोजगार से जोड़ने का काम किया है। साढ़े तीन लाख युवाओं को नौकरियां दीं। ग्रामीण महिलाओं को बैंक सखी योजना के माध्यम से रोजगार दिया। प्रदेश में निवेश का माहौल बनाया। अब बड़ी संख्या में कंपनियां उत्तर प्रदेश में आ रही हैं लोगों के लिए रोजगार और व्यापार के अवसर खुल रहे है। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा अपने लिए जी रहे थे तथा सपा की सहानुभूति माफियाओं के साथ है जबकि हमारी सहानुभूति जनता से है इसीलिए हम गुंडों की संपत्ति पर बुलडोजर चलवा रहे हैं । मुख्यमंत्री योगी जी ने जब भीड़ से पूछा कि माफियाओं की संपत्ति पर बुलडोजर चल रहा है आपको कैसा लग रहा है, भीड़ ने हाथ उठा कर बहुत अच्छा-बहुत अच्छा का नारा लगाकर अपना समर्थन दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अपराधियों से सहानुभूति रखने वाली पार्टियों को समर्थन नहीं मिलना चाहिए। सपा गुंडों की नई श्रृंखला बना रही है ताकि दंगे कराए जा सकें, लेकिन सरकार ऐसा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मिशन शक्ति के जरिये बेटियों के अपराधियों को जेल भेजने के साथ ही उनके पोस्टर चैराहों पर लगा रही है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने देवरिया व मल्हनी विधानसभा के उपुचनाव में आयोजित जनसभा में सरदार पटेल जी व महर्षि वाल्मीकि जी की जयन्ती के अवसर पर उन्हें नमन करते हुए बोले कि लौह पुरूष सरदार पटेल जी का अगर किसी ने सम्मान किया है तो वह श्री नरेन्द्र मोदी जी ने ही किया है। विश्व की सबसे बडी 182 मीटर ऊंची प्रतिमा गुजरात में स्थापित कर और जम्मूकश्मीर से धारा 370 को समाप्त कर सरदार पटेल जी को सच्ची श्रद्धाजंलि दी है।

देवरिया में पार्टी प्रत्याशी सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी के पक्ष में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी 24 घंटे व सातों दिन बिना रूके, बिना थके देश-प्रदेश के विकास के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा कर रहे है और देश व प्रदेश के गौरव को पुनः स्थापित करने का काम कर रहे है।

सिंह ने कहा कि मोदी जी और योगी जी ने किसानों के हितों की रक्षा के साथ-साथ उनके सम्मान की रक्षा में भी कोई कमी नहीं छोड़ी है। किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा योजना, किसान मानधन योजना, कृषि विधेयक बिल, एमएसपी में वृद्धि, बिचैलियों से मुक्ति दिलाने जैसे किसान कल्याण के लिए कदम उठाकर किसानों की समृद्धि क लिए काम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन का प्रत्येक क्षण गरीबों एवं किसानों के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  ने कोरोना महामारी के समय में गरीबों को सहारा देने का काम किया। आत्म निर्भर भारत के निर्माण में विभिन्न राहत पैकेज योजनाओं में से एक प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश के 80 करोड़ जरूरतमंदों तक मार्च से लेकर नवम्बर माह तक 5 किलो गेहूं या चावल और 1 किलो दाल मुफ्त देने की व्यवस्था की।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पूर्व में दिमागी बुखार के चलते इस क्षेत्र के गरीब बच्चों की जान संकट में रहती थी। आज माननीय मोदी जी और माननीय योगी जी के अथक प्रयासों के कारण आज हम गरीब के बच्चे की जान बचाने में सफल हो पा रहे है।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा प्रदेश का विकास और गरीबों के लिए उठाये जा रहे जनकल्याणकारी कदम विपक्षी दलों को हजम नही हो रहा है। क्योंकि वे विकास में विश्वास नहीं बल्कि जनता के धन की लूट से अपना व अपने परिवार के विकास में विश्वास रखते है। उन्होंने कहा कि हम सभी को याद है कि सपा-बसपा के जंगल राज में प्रदेश की क्या स्थिति रहती थी। हत्या, बलात्कार, लूट की घटनाएं आम हुआ करती थी। गुंडे-बदमाश सड़कों पर असलहे लेकर आतंक मचाते थे। लेकिन प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने के बाद अब उनका भी ठीक ढंग से इलाज किया जा रहा है। ऐसे गुंडे-बदमाशों की अवैध संपत्तियों पर योगी सरकार का बुलडोजर चल रहा है। यह बुलडोजर उस एक-एक अपराधी के हौसलों पर चलाया जा रहा है जो प्रदेश में अराजकता व हिंसा फैलाने की मंशा रखता है। आज उत्तर प्रदेश में माफियाओं का राज नहीं, बल्कि कानून का राज स्थापित  है।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मल्हनी में पार्टी प्रत्याशी मनोज सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती है। उनके द्वारा रचित रामायण का सामाजिक समरस्ता से जुड़ा प्रसंग हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होने याद दिलाते हुए कहा कि जब प्रभु श्रीराम का वनवास चल रहा था तब उनको गंगा नदी पार कराने में निषादराज जी और केवट ने सहयोग किया था। जिसके बाद प्रभु श्रीराम ने उनका भरपूर सम्मान व आदर किया। सामाजिक समरस्ता का इससे बड़ा जीवंत उदाहरण हमारे लिए और क्या हो सकता है।

प्रदेश अध्यक्ष ने जनसभा के माध्यम से क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि आगामी 3 नवम्बर को कमल के फूल वाला बटन दबाकर सामाजिक समरसता और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र पर काम करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों को और भी अधिक मजबूत करने के लिए वोट दें ताकि क्षेत्र के विकास कार्यों को तीव्रगति मिले और मल्हनी विकास पथ पर और अग्रसर हो।

Facebook Comments