August 19, 2026 | 17:25:12
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी है। गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से समाधान के निर्देश दिए।
एक महिला ने रास्ते पर दबंगों द्वारा कब्जे की शिकायत मुख्यमंत्री से की। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएम योगी ने संबंधित अधिकारियों को महिला को रास्ता दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि अगर लेखपाल, कानूनगो और तहसीलदार रास्ता उपलब्ध कराने में नाकाम रहते हैं तो उनके खिलाफ निलंबन जैसी कड़ी कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संदेश दिया कि भूमि विवाद और जन शिकायतों के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से भी ऐसे मामलों की निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।