भाजपा गढ़ रही है अखण्ड एवं विकसित भारत की तस्वीर: कुलजीत सिंह चहल

नई दिल्ली: संगठन पर्व सदस्यता अभियान के तहत दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने ताहिर पुर, करोल बाग और अपने निवास सहित आधा दर्जन जगहों पर सदस्यता अभियान कार्यक्रमों में नये सदस्यों को पार्टी से जोड़ा। युवा मोर्चा ने दिल्ली के विभिन्न कालेजों में युवाओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। सदस्यता अभियान में प्रदेश सह-प्रभारी तरूण चुघ, पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल, नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता, सांसद गौतम गंभीर, हंसराज हंस, संगठन चुनाव अधिकारी पवन शर्मा, सदस्यता प्रमुख एवं महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, रविन्द्र गुप्ता, राजेश भाटिया, सह-सदस्यता प्रमुख हर्ष मल्होत्रा एवं युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्षों, निगम पार्षदों, मंडल अध्यक्षों सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने नये सदस्यों को पार्टी से जोड़ा।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष और उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने आज कई स्थानो पर आयोजित सदस्यता शिविरों में जाकर शिविर में मौजूद कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया एवं बड़ी संख्या में लोगों को भारतीय जनता पार्टी से जोड़ा, इसी क्रम में ताहिर पुर के समुदाय भवन में एक विशेष कार्यक्रम के तहत विभिन्न संस्थानों की सुरक्षा में लगे लगभग 500 सिक्योरिटी गार्डो ने सामूहिक रूप से भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अन्त्योदय के सिद्धान्त पर चलकर विकसित भारत का सपना देखा था और केंद्र की भारतीय जनता पार्टी नरेंद्र मोदी सरकार इसी सिद्धांत पर चल कर विकास की कड़ी को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने शहरी और ग्रामीण गरीबों के लिए दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय योजना का आरंभ 25 सितंबर 2014 को किया। योजना का उद्देश्य कौशल विकास और अन्य उपायों के माध्यम से आजीविका के अवसरों में वृद्धि कर शहरी और ग्रामीण गरीबी को कम करना है।

बड़ी संख्या में पार्टी की सदस्यता लेने वाले को गार्डों को संबोधित करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि हम सब किसी न किसी रूप में चैकीदार हैं। उन्होने कहा कि चैकीदार शब्द उर्दू के शब्द चैकी से निकला है, आमतौर पर पुराने जमाने में हर गांव की सीमा के चार कोनों पर एक चैकी होती थी, जहां के जरिए उस पूरे गांव पर नजर रखी जाती थी, ताकि गांव को घुसपैठियों, चोरों और डकैतों से बचाया जा सके.आज आप सभी कार्यकर्ता बने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की चैकीदारी करें उन्हें जरूरतमंदों तक पहुँचाए ताकि पंडित  दीनदयाल के अंत्योदय का सपना साकार हो सके।

तरूण चुघ ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय योजना के दो घटक हैं, एक शहरी भारत के लिए और एक ग्रामीण भारत के लिए। शहरी घटक का कार्यान्वयन केंद्रीय आवास एवं शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्रालय करेगा, जबकि ग्रामीण घटक, जिसका नाम दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना है, का कार्यान्वय केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा किया जाएगा। क्योंकि गरीबी के अभिशाप का जब तक अंत नहीं होगा तब तक विकसित भारत की तस्वीर अधूरी है।

कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि संगठन, विचार, काम करने की दृष्टि से आज हम मजबूत हो चुके हैं। उन्होंने खुशी जताई कि भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा बीते पांच वर्ष की अवधि में जिस पद्धति से काम किया है, उससे आज किसी भी प्रकार से सरकार विरोधी विचार नहीं है, अपितु जनता निरन्तर अपना भरोसा जता रही है। उन्होंने कहा कि हमारा अगला लक्ष्य दिल्ली मे घर-घर पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की विचारधारा को स्थापित करना है क्योंकि अखंड भारत के साथ साथ विकसित भारत की तस्वीर गढने लिए भाजपा का घर-घर में पहुँचना जरूरी है।

Facebook Comments